राजधानी दिल्ली के पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र में आज गुरुवार तड़के एक पेपर प्रिटिंग प्रेस में आग लगने से एक शख्स की मौत हो गई। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने बताया है कि आग लगने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र में लगी आग बुझाने के लिए घटनास्थल पर 35 दमकलकर्मी मौजूद हैं।
पटपड़गंज में लगी आग में अभी कई लोग फंसे बताए जा रहे हैं जिन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल अभी आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
बीते कुछ दिनों में दिल्ली में आग लगने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसमें कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। इससे पहले इस साल के दूसरे दिन दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके स्थित ओकाया बैटरी की एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई थी। आग लगने से फैक्ट्री में रखी बैटरियों में विस्फोट हो गया। इससे स्थितियां भयावह हो गईं। बैटरियों में विस्फोट से बिल्डिंग का कुछ हिस्सा गिर गया। बिल्डिंग के गिर रहे हिस्से के नीचे कुछ लोग दब गए थे। फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान कुछ दमकलकर्मी भी घायल हुए हैं। एडिश्नल डीसीपी (आउटर) राजेंद्र सागर ने बताया था कि बचाव ऑपरेशन के तहत 14 घायल लोगों को बाहर निकाल लिया गया था।
वही इससे पहले दिसंबर महीने में दिल्ली के अनाज मंडी इलाके में आग लगने से 45 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद आग की कई घटनाएं सामने आईं। कुछ दिन पहले किराड़ी इलाके में आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई थी।