मुंबई : एग्जिट पोल के परिणाम से उत्साहित भाजपा प्रत्याशी गोपाल शेट्टी ने बनवाने शुरू कर दिए 2000 किलो लड्डू

लोकसभा चुनाव के परिणामों से पहले तमाम एग्जिट पोल्स के आंकड़ों का मिलान करने पर एनडीए को 280 से ज्यादा सीटें, जबकि यूपीए को 120 के आसपास सीटें मिल सकती हैं। हालाकि अभी परिणामों को आने में दो दिन बाकी है लेकिन मुंबई में पहले ही जश्न की तैयारी शुरू हो गई है। शहर के बोरीवली इलाके में एक मिठाई की दुकान पर उत्तर मुंबई से भाजपा प्रत्याशी गोपाल शेट्टी के लिए मिठाइयां बनाई जा रही हैं। बता दे, मुंबई उत्तर सीट पर गोपाल शेट्टी का मुकाबला फिल्म अभिनेत्री और कांग्रेस प्रत्याशी उर्मिला मातोंडकर से है।

खास बात यह है कि सभी हलवाई मोदी का मुखौटा पहनकर मिष्ठान बना रहे हैं। दुकानदार ने बताया- हमें 23 मई के लिए वर्तमान सांसद और मुंबई उत्तर से भाजपा प्रत्याशी गोपाल शेट्टी की ओर से 1500-2000 किलो मिठाई बनाने का ऑर्डर मिला है। हम भी उनके जीत को लेकर उत्साहित हैं। इसलिए हमारे वर्कर्स भी प्रधानमंत्री मोदी के मुखौटे पहनकर मिठाइयां बना रहे हैं। कई एग्जिट पोल में शेट्टी को जीतता हुआ बताया गया है। इसके बाद से यहां के कार्यकर्ता जोश में हैं।

बता दे, शेट्टी ने इससे पहले 2014 में यहां से कांग्रेस के दिग्गज नेता संजय निरुपम को भी मात दी थी।