उत्तर भारत में भीषण ठंड और कोहरे का कहर, विजिबिलिटी जीरो, फ्लाइट्स-ट्रेनें लेट

दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में पड़ रही सर्दी और कोहरे ने लोगों के होश उड़ा दिए है। दिल्ली हो या फिर उससे सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद, सोमवार सुबह पूरी तरह कोहरे की गहरी चादर में ढक गए। बीते कुछ दिनों से पारे ने गिरावट के नए-नए रिकॉर्ड कायम किए है। रविवार देर रात एक बार फिर पारा 2.5 डिग्री तक पहुंचा, जबकि सोमवार की सुबह 4 डिग्री के साथ हुई। वही कोहरे के चलते विजिबिलिटी पूरी तरह से ज़ीरो है, जिससे आम जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

ट्रेनें देरी से चल रही हैं, फ्लाइट को डाइवर्ट कर दिया गया

कोहरे का असर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी देखने को मिल रहा है। नॉर्दन रेलवे रीजन में लो विजिबलिटी के कारण 30 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। घने कोहरे का असर ट्रेनों के साथ-साथ फ्लाइट्स पर भी पड़ा है। दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन फ्लाइट को डाइवर्ट कर दिया गया है, वहीं सभी यात्रियों से अपील की जा रही है कि वह फ्लाइट का स्टेटस जानने के लिए अपनी एयरलाइन के टच में रहें। स्पाइसजेट, इंडिगो की तरफ से ट्वीट कर यात्रियों को संपर्क में रहने की बात अपील की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, साल के पहले दिन दिल्ली-एनसीआर में बारिश पड़ने की उम्मीद है जो 3 जनवरी तक जारी रह सकती है।
कोहरे की वजह से भीषण सड़क हादसा

दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में बीती रात कोहरे की वजह से एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। दरअसल 11 लोगों से भरी एक मारुति अर्टिगा कार ग्रेटर नोएडा के एक नहर में जा गिरी जिसमें सभी 11 लोग दब गए।

शेल्टर में लोगों को हो रही परेशानी

उत्तर भारत के जिन शहरों में जो लोग शेल्टर में रह रहे हैं कड़ाके की ठंड के कारण उनका बाहर रहना भी मुश्किल हो रहा है। दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों की संख्या में लोग कंबल के साथ रात गुजार रहे हैं, तो उत्तर प्रदेश के लखनऊ-कानपुर का भी यही हाल है। रविवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने राजस्थान के कोटा में शेल्टर होम में कंबल भी बांटे।हल्की बारिश के साथ पड़ सकते है ओले

मौसम विभाग के अधिकारी का कहना है कि यहां सोमवार से हवा की दिशा बदलने का अनुमान है, इसलिए दिल्ली को शीतलहर से थोड़ी और राहत मिल सकती है। विभाग ने कहा है कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र से चल रही पश्चिमी हवाओं की गति में कमी आने और पूर्वी हवाओं का रुख उत्तरी क्षेत्रों में होने के कारण इन इलाकों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया है कि नए साल की पूर्व संध्या पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ ओले भी पड़ सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में नए साल की पूर्व संध्या पर बर्फबारी हो सकती है। मनाली, सोलन, सुंदरनगर और कालपा में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।