रोहतक: बहन की शादी के लिए छुट्टी नहीं मिली तो डॉक्टर ने दी जान, साथी डॉक्टर हड़ताल पर

देशभर में डॉक्टर्स की हड़ताल की चर्चा के बीच हरियाणा में एक डॉक्टर के सूइसाइड का मामला सामने आया है। मामला पंडित भागवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रैजुएट इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (PGIMS) रोहतक का है। जहां एक डॉक्टर को बहन की शादी में जाने को छुट्टी नहीं मिली तो आत्महत्या कर ली। 30 साल के ओंकार नाम के डॉक्टर ने अपने हॉस्टल में कथित रूप से जान दी। डॉक्टर के सुसाइड के बाद पीजीआई में हालात तनावपूर्ण हो गए। रेजीडेंट्स डॉक्टर्स ने पीजीआई में काम बंद कर दिया और हड़ताल पर चले गए हैं। बता दे, ओंकार कर्नाटक के रहनेवाले थे। कथित रूप से उन्होंने गुरुवार को अपने हॉस्टल की छत से लटककर जान दे दी। फिलहाल पुलिस को ओंकार के पास से कोई सूइसाइड नोट नहीं मिला है। लेकिन ओंकार के साथियों ने बताया कि प्रफेसर गीता (40 वर्ष) ने उन्हें बहन की शादी, जो 12 जून को हुई के लिए छुट्टी देने से इनकार कर दिया था।

हरियाणा पुलिस ने फिलहाल डिपार्टमेंट हेड डॉक्टर गीता गठवाला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृत डॉक्टर के साथियों ने उनपर ओंकार को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद PGIMS प्रशासन ने उस सीनियर प्रफेसर को सस्पेंड भी कर दिया।

फिलहाल गीता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी बीच शुक्रवार को ओंकार के माता-पिता भी कैंपस पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया, जिसे लेकर परिवार कर्नाटक रवाना हो गया। PGIMS के रेजिडेंट डॉक्टर्स ने परिवार की मदद के लिए 5 लाख रुपये भी जुटाए।