कोरोना का कहर कम जरूर हुआ हैं लेकिन खत्म नहीं। इस बीच अब बीकानेर में कोरोना के साथ डेंगू भी परेशानी का कारण बन रहा हैं जिसके अब तक नौ रोगी सामने आ चुके हैं और एक की मौत भी हो गई। बीते सालों का अनुभव बताता है कि एक बार दस्तक देने के बाद बीकानेर में डेंगू का प्रकोप गहराता जाता है। जनवरी से अब तक पीबीएम हॉस्पिटल में नौ डेंगू रोगी सामने आ चुके हैं जिनमें से एक की मौत हो गई है।
डॉक्टर्स का कहना है, जिले के दूसरे हॉस्पिटलों, क्लीनिक से लेकर घरों पर इलाज ले रहे बगैर रिपोर्ट हुए लोगों की संख्या इससे ज्यादा हो सकती है। इस बीच सीएमएचओ डॉ. सुकुमार कश्यप ने मलेरिया-डेंगू नियंत्रण से जुड़े कर्मचारियों-अधिकारियों की मीटिंग लेकर शहर सहित जिले के उन हिस्सों को चिह्नित करने का निर्देश दिया है जहां से अब तक रोगी रिपोर्ट हुए हैं। जरूरत पड़े तो नर्सिंग स्टूडेंट और नगर निगम के सफाईकर्मियों को साथ मिलाकर टीमें बनाने और मच्छररोधी कार्रवाई करने को भी कहा है।