दिल्‍ली में केजरीवाल सरकार ने एक हफ्ते के लिए बढ़ाया लॉकडाउन, कहा - कोरोना के खिलाफ यह आखिरी हथियार

दिल्ली में लॉकडाउन एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। राजधानी दिल्ली में शनिवार को 357 मरीजों की मौत हुई थी। रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगले सोमवार (3 मई) सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन लागू रहेगा। उन्होंने कहा कि संक्रमण के खिलाफ लॉकडाउन ही आखिरी हथियार है। इससे पहले दिल्ली में 19 अप्रैल को रात 10 बजे से लॉकडाउन शुरू हुआ था, जो 26 अप्रैल सुबह 5 बजे तक चलना था। केजरीवाल ने कहा कि हमने एक हफ्ते का लॉकाडाउन लगाया था, जो कल सुबह 6 बजे खत्म हो रहा था। ये आखिरी हथियार था कोरोना के खिलाफ, लेकिन अभी भी संक्रमण कम नहीं हो रहा है। हमने सभी से बात की और सबका कहना है कि लॉकडाउन लगाना चाहिए। लॉकडाउन के दौरान संक्रमण दर 36-37% तक पहुंच गई। 1-2 दिन में इसमें कमी आई है और ये 30 के नीचे आई है। हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि कोरोना से हमें मुक्ति मिले।

देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को 22 हजार 695 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 23 हजार 572 लोग ठीक हुए और 357 की मौत हो गई। अब तक 10 लाख 04 हजार 782 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8 लाख 97 हजार 804 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13 हजार 898 मरीजों की मौत हो चुकी है। 93 हजार 80 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।