बॉयफ्रेंड पर फेंका लड़की ने एसिड, फिर दोनों ने बनाई ऐसी कहानी कि चकरा गई पुलिस

अक्सर महिलाओं पर एडिस अटैक के मामले सुनने में आते है, लेकिन दिल्ली के विकासपुरी इलाके में लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड के चेहरे पर इसलिए एसिड फेंक दिया क्योंकि बॉयफ्रेंड लड़की से शादी करने से इंकार कर रहा था। खास बात यह है की लड़की वारदात के वक्त अपने बॉयफ्रेंड के साथ बाइक पर सवार थी।

पुलिस के मुताबिक 11 जून को उन्हें पीसीआर काल मिली की विकासपुरी इलाके में एक लड़का-लड़की पर किसी ने एसिड फेंक दिया है। पुलिस जब अस्पताल पहुंची तो पता चला कि लड़की के हाथ पर बहुत हल्का सा एसिड गिरा हुआ है। जबकि बॉयफ्रेंड के चेहरे गर्दन और छाती पर काफी ज्यादा एसिड गिरने से वो काफी झुलस गया था।

पहले दिया था यह बयान

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के दौरान लड़का और लड़की दोनों ने बताया कि चलती बाइक पर किसी ने एसिड फेंक दिया है। कई दिन की जांच के बाद भी पुलिस एसिड अटैक करने वाले की पहचान नहीं कर पा रही थी।

लड़के के पास दोबारा पहुंची पुलिस

कई दिनों की जांच के बाद जब पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा तो वह दोबारा लड़के से पूछताछ के लिए दोबारा उसके पास गई तब अपने बयान में लड़के ने पूरी सच्चाई का खुलासा किया। लड़के ने बताया वारदात से पहले उसकी गर्लफ्रेंड ने उसे ये कहते हुए हेल्मेट उतारने को कहा था कि वो उसे ठीक से छू नहीं पा रही है। इसके बाद पुलिस को शक हुआ और लड़की से दोबारा सख़्ती से पूछताछ की। पूछताछ में लड़की ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

लड़की ने पुलिस को बताया

लड़की ने बताया कि वो लड़के से पिछले तीन साल से प्यार करती थी पर शादी करने को लेकर लगातार लड़का आनाकानी कर रहा था। इसके बाद ही लड़की ने तय कर लिया था कि वो मेरा नहीं तो किसी और का नहीं हो सकता है। फिर उसने एसिड खरीद कर अपने पर्स में रखा और प्लानिंग के तहत बॉयफ्रेंड पर एसिड फेंक दिया। आरोपी लड़की बीए की छात्रा है। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है।