एसिड अटैक पीड़ित का चेहरा 8% झुलसा, Flipkart से खरीदा था आरोपी ने तेजाब

दिल्ली एसिड अटैक पीड़ित की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका चेहरा 8% झुलस गया है। आंखें भी बुरी तरह से डैमेज हो गई हैं। फिलहाल, वह होश में है। आई स्पेशलिस्ट और प्लास्टिक सर्जन उसका इलाज कर रहे हैं। ये जानकारी सफदरजंग अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने दी। उधर, पुलिस जांच में सामने आया है आरोपी सचिन ने तेजाब ई-कॉमर्स वेबसाइट Flipkart से खरीदा था। इस पर दिल्ली पुलिस Flipkart को और दिल्ली महिला आयोग ने अमेजन को भी नोटिस भेजा है।

दिल्ली महिला आयोग (DCW) ने नोटिस में लिखा- जानकारी मिली है कि आरोपी ने तेजाब Flipkart से खरीदा था। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर बैन लगा दिया था, लेकिन यह Amazon और Flipkart जैसे प्लेटफॉर्म पर आसानी से मिल रहा है। अपने प्लेटफॉर्म पर एसिड बेचने की वजह बताइए।

दिल्ली की वरिष्ठ पुलिस अधिकारी प्रीत हुड्डा ने बताया कि सचिन ने एसिड Flipkart से मंगाया था। पेमेंट के लिए उसने फ्लिपकार्ट के ई-वॉलेट का इस्तेमाल किया। हालांकि अभी तक Flipkart की ओर से इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

ये मामला बुधवार सुबह का है, जब 17 वर्षीय किशोरी पर मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोशों ने एसिड फेंक दिया था। गंभीर हालत में लड़की को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। इस घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम देते हुए दिखाया गया है।

इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों की पहचान सचिन अरोड़ा (20 साल), हर्षित अग्रवाल (19 साल) और वीरेंद्र सिंह (22 साल) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सचिन मुख्य आरोपी है, उसने हर्षित और वीरेंद्र की मदद से वारदात को अंजाम दिया।

घटना के समय हर्षित अग्रवाल बाइक चला रहा था। पीछे बैठे सचिन अरोड़ा ने तेजाब फेंका था। तीसरा आरोपी वीरेंद्र सिंह है। वह घटना के वक्त सचिन का स्कूटर और मोबाइल लेकर दूसरी जगह चला गया था, ताकि सचिन की लोकेशन कहीं और शो हो और वारदात में उसका नाम न आए।