अब ज्यादा पैसे लेने वाले ऑटोरिक्शा पर Google लगाएगा लगाम, बताएगा कितना हुआ किराया

कई बार ऐसा होता है कि हम नई जगह या किसी दूसरे शहर घूमने जाते है तो हम ऑटोरिक्शा या फिर टैक्सी का इस्तेमाल करते है लेकिन हमें रूट और किराए के बारे में ज्यादा पता नहीं होता जिसका फायदा अक्सर ऑटोरिक्शा वाले उठा लेते हैं और लंबे रूट से ले जाकर ज्यादा किराया वसूल कर लेते हैं। ऐसे में सवारी के जेब पर भी काफी असर पड़ता है।

लेकिन अब गूगल ऐसा होने नहीं देगा। गूगल मैप के जरिए रास्ता खोजना लोगों के लिए काफी आसान हो गया। साथ ही लोगों को गूगल मैप के जरिए दूसरी सुविधाएं भी मिलती हैं। इस क्रम में टेक कंपनी गूगल ने एक नई सुविधा का ऐलान किया है। अब दिल्ली में लोग गूगल मैप के जरिए ऑटोरिक्शा के रास्ते और अनुमानित किराए को देखा जा सकता है। गूगल ने कहा है कि 'दिल्ली के लोग गूगल मैप पर एक और सार्वजनिक परिवहन ऑटोरिक्शा के रास्ते देख सकेंगे। इस परिवहन विकल्प का चुनाव करने के साथ ही यात्री ना सिर्फ ऑटो रिक्शा से जुड़े रास्ते देख सकेंगे बल्कि उन्हें उतनी दूरी का अनुमानित किराया भी पता चल सकेगा।' साथ ही कंपनी के जरिए कहा गया कि ऑटोरिक्शा का संभावित किराया दिल्ली यातायात पुलिस के जरिए साझा किए गए आधिकारिक किराया प्रणाली के अनुरूप होगा। लोगों को यह सुविधा एंड्रायड फोन पर मिल सकेगी।