दिल्ली में टूटा 118 साल का रिकॉर्ड, साल का सबसे सर्द दिन, तापमान 2.4 डिग्री पहुंचा

देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत में सर्द और हड्डियों को जमा देने वाली हवा की वजह से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली में ठंड ने 118 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शनिवार सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर दिल्ली में न्यूनतम तापमान (Minimum Temperature) 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 118 साल में ये दूसरा दिसंबर है, जब दिल्ली में इतनी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, इससे पहले वर्ष 1901 में इतनी ठंड पड़ी थी। दिल्ली में सर्दी का आलम यह है कि खुद को गर्म रखने के लिए लोगों को लगातार आग का सहारा लेना पड़ रहा है। इंसान के साथ-साथ जानवर भी मौसम की मार झेलने को मजबूर हैं। राजधानी में बीती रात न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। दिल्ली में अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम रहा।

आपको बता दे, दिल्ली में पिछले 13 दिनों से लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे पहले वर्ष 1997 में ऐसा हुआ था जब 17 दिन तक लगातार तापमान में इतनी गिरावट आई थी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के एक अधिकारी ने बताया कि दिसंबर में औसत अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम वर्ष 1919, 1929, 1961 और 1997 में रहा है।

इस साल दिसंबर में औसत अधिकतम तापमान अब तक 19.85 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह 31 तारीख तक 19.15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो वर्ष 1901 के बाद यह दूसरा सबसे सर्द दिसंबर होगा। दिसंबर 1997 में औसत अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

विभाग के मुताबिक हालात में फिलहाल कोई सुधार नहीं होने वाला है, क्योंकि 1 और 2 जनवरी 2020 को दिल्ली में ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि 3 जनवरी तक हिल स्टेशनों में भी भयंकर बर्फबारी होगी।