दिल्ली हिंसा के लिए कांग्रेस-AAP जिम्मेदार : BJP

नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ दिल्ली में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला बोला है। दिल्ली में हिंसा के लिए बीजेपी ने कांग्रेस और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के लोग हिंसा के लिए उकसाने का काम करते थे। दिल्ली में हुई हिंसा के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ज़िम्मेदार है, क्योंकि ये लोग हिंसा पर चुप हैं।

प्रकाश जावडेकर ने कहा कि कांग्रेस के आसिफ खान और आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला ने दिल्ली के जामिया में जनता को उकसाया। दिल्ली के सीलमपुर में कांग्रेस के मतीन अहमद और आम आदमी पार्टी के इशराक खान मौजूद थे। जामा मस्जिद में कांग्रेस के महमूद पारचा मौजूद थे। इसके लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए।
कांग्रेस का पलटवार

वहीं, बीजेपी नेता प्रकाश जावडेकर के इस आरोप के बाद कांग्रेस नेता जे पी अग्रवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं पर आगजनी का आरोप लगाने वाले पहले ये बताएं कि बीजेपी के कितने नेताओं के खिलाफ रेप के मुकदमें दर्ज हैं। दिल्ली हिंसा मामले में बीजेपी के पास जांच का अधिकार है। बीजेपी को जांच कराने से मना कौन कर रहा है। कांग्रेस नेता अग्रवाल ने कहा कि अब बीजेपी को लोगों को गुमराह करना बंद कर देना चाहिए। दिल्ली में कच्ची कॉलोनियों को लेकर केजरीवाल सरकार और बीजेपी राजनीति कर रहे हैं, जबकि इंदिरा गांधी के समय से ही कांग्रेस इस मुद्दे पर काम कर रही है।

आपको बता दे, बता दें कि दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल फरवरी 2020 में खत्म हो रहा है। चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों की समीक्षा के लिए पिछले हफ्ते बैठक की शुरुआत की थी। समझा जा रहा है कि इसी हफ्ते आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।