दिल्ली विधानसभा चुनाव, कब होगी वोटिंग, किस दिन आएगा नतीजा, जाने पूरा शेड्यूल

दिल्ली विधानसभा चुनावों (Delhi Assembly Election Dates) की तारीखों का ऐलान मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त सुनील अरोड़ा ने कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दिल्ली में कुल 70 विधानसभाएं हैं, अभी की विधानसभा का कार्यकाल 22 फरवरी, 2020 को खत्म हो रहा है। 58 सामान्य और 12 आरक्षित हैं। 1 करोड़ 46 लाख 92 हजार 136 वोटर है। दिल्ली में 2689 जगहों पर वोटिंग होगी। 13 हजार 757 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। चुनाव में 90 हजार कर्मचारियों की जरूरत होगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए चुनाव आयोग ने खास इंतजाम किए हैं।

दिल्ली विधानसभा चुनाव का शेड्यूल -

कुल सीट- 70

सिंगल फेज में वोटिंग

नोटिफिकेशन - 14 जनवरी 2020, मंगलवार

नॉमिनेशन की आखिरी तारीख – 21 जनवरी 2020, मंगलवार

स्क्रूटनी – 23 जनवरी 2020

नामांकन वापस लेने की तारीख - 24 जनवरी 2020

वोटिंग - 8 फरवरी 2020

नतीजे - 11 फरवरी 2020

आपको बता दे, दिल्ली में पुरुष मतदाताओं की तादाद 80,55,686 है, जबकि 66,35,635 महिला मतदाता हैं। राष्ट्रीय राजधानी में 815 मतदाता थर्ड जेंडर के हैं, जबकि NRI मतदाताओं की संख्या 489 है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुल मतदाताओं में से 2,08,883 मतदाता 18 से 19 साल के बीच हैं, यानी ये लोग पहली बार मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

आपको बता दे, AAP ने इस बार दिल्ली के लोगों के बीच केजरीवाल सरकार की पांच साल की उपलब्धियों को रखा है। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की ओर से नया नारा जारी किया गया है। आप चुनाव में 'अच्छे बीते 5 साल, लगे रहो केजरीवाल' नए नारे के साथ मैदान में उतरेगी। वही बीजेपी दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 'दिल्ली चले मोदी के साथ- 2020' के नारे के साथ चुनाव लड़ेगी। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में बूथ सम्मेलन में बूथ कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने का मंत्र देंगे। इस सम्मेलन में दिल्ली बीजेपी के 30 हजार से ज्यादा बूथ कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया गया है।