श्रीगंगानगर : हाई स्पीड कार ने बनाया बाइक सवार को अपना शिकार, टक्कर से हुई मौत

श्रीगंगानगर के रायिसंहनगर में एक भीषण सड़क हादसा देखने को मिला जहां हाई स्पीड कार ने बाइक सवार को अपना शिकार बना डाला। घटना मंगलवार को नेशनल हाईवे पर समेजा पुलिस थाना इलाके में गांव सलेमपुर के निकट शाम पांच बजे के आसपास हुई जहां कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने बाइक सवारों को संभाला तथा पुलिस को सूचित किया। समेजा पुलिस ने मृतक का शव समेजा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
मिली जानकारी के अनुसार चंद्रशेखर पुत्र सोहनलाल और ओम प्रकाश अनूपगढ़ की ओर से अपने गांव मोटरसाइकिल पर लौट रहे थे। सलेमपुरा के निकट सामने से आई कार ने बाइक के टक्कर मार दी। हादसे में चंद्रशेखर पुत्र सोहनलाल की मौत हो गई, जबकि ओमप्रकाश घायल हो गया। समेजा पुलिस के हैड कांस्टेबल इंद्रजीत ज्याणी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को संभाला तथा यातायात व्यवस्थित करवाया। पुलिस ने मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलने के साथ ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।