छोटीसादड़ी के मेघपुरा गांव में शनिवार काे 8 वर्षीय नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई। इसके बाद बदमाश ने उसका शव गांव के सूखे कुएं में फेंक दिया। शाम करीब 5 बजे उसका शव मिला तो गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस को अभियुक्त के बारे में अभी कोई सुराग नहीं मिला है। बच्ची के पिता ने दोपहर को ही थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट के अनुसार बच्ची के पिता परिवार के साथ खेत पर गए थे। इस दौरान उसकी बेटी घर पर अकेली थी। दोपहर को वह लौटा तो बेटी घर पर नहीं मिली। पड़ोसियों से पूछने पर भी कुछ पता नहीं चला।
रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्ची की तलाश शुरू की। करीब 2 घंटे की तलाश के बाद उसका शव गांव के सूखे कुएं में मिला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बच्ची का शव कुएं से बाहर निकाला और छोटीसादड़ी के जयचंद मोहिल अस्पताल ले गए। उसके शरीर पर चोट और घाव के निशान हैं। रस्सियों की मदद से बच्ची का शव शाम 5 बजे कुएं के बाहर निकाला गया। एसपी चुनाराम जाट का कहना है कि बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की है। फिलहाल अभियुक्त को लेकर सुराग हाथ नहीं लगा है। संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है। एक से ज्यादा अभियुक्त हो सकते हैं। जो भी दोषी होगा, पुलिस उस तक पहुंच जाएगी।डॉक्टरों ने की दुष्कर्म की पुष्टि
जयचंद मोहिल अस्पताल में डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया। डॉक्टर के अनुसार प्राथमिक रूप से बालिका के साथ दुष्कर्म के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस का मानना भी यही है कि बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर शव कुएं में डाला गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संदिग्ध अभियुक्त की तलाश
पुलिस ने परिजनों के शक के आधार पर बताए गए संदिग्ध अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस ने अभी अभियुक्त के नाम का खुलासा नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में टीमें गठित की है। फिलहाल पुलिस का मानना यह है कि अपराध में एक से ज्यादा आरोपी शामिल हो सकते हैं।