कपिल देव के लिए क्रिकेट से लेकर बॉलीवुड तक ने मांगी दुआ, इन दिग्गजों ने की प्रार्थना

देश को पहली बार वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान को दिल का दौरा पड़ा है। शुक्रवार देर रात कपिल देव (Kapil Dev) ने सीने में दर्द की शिकायत की और उसके बाद उन्हें दिल्ली के एसकॉर्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया। हार्ट में ब्लॉकेज के कारण कपिल देव की एंजियोप्लास्टी हुई है अब उनकी सेहत का ताजा अपडेट सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब कपिल देव की हालत स्थिर है और कुछ दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल सकती है।

कपिल (Kapil Dev Heart Attack) के जल्द से जल्द स्वस्थ होने के लिए पूरी दुनिया में प्रार्थना की जा रही है। टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी भी उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। सचिन, विराट, सुरेश रैना, शिखर धवन जैसे खिलाड़ियों ने कपिल देव के स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
कपिल देव के लिए दुआएं

दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने ट्विटर पर लिखा, अपना ध्यान रखें। कपिल आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहा हूं।'

भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट किया, ' आपके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना कर रहा हूं। जल्दी ठीक हो जाइये पाजी।'

भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन ने ट्वीट किया, 'कपिल देव सर आपके जल्दी से ठीक होने की कामना करता हूं। हमेशा मजबूत रहिये।'

युवराज सिंह ने लिखा है, 'प्रिय कपिल पाजी! आपके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना! जल्द ही ठीक हो जाओ पाजी, क्रिकेट के बाद मुझे अभी भी कुछ गोल्फिंग सीखने की जरूरत है।'

दोस्त मदनलाल ने भी की कपिल के लिए प्रार्थना

इस महान आल राउंडर के पूर्व साथी मदनलाल ने ट्वीट किया, 'जिन्होंने भी जानने के लिये फोन किया, आपकी प्रार्थनायें परिवार को पहुंचा दी गयी हैं जिन्हें आभार के साथ लिया गया है। कैप्स (कपिल), स्वस्थ और मजबूत रहिये।'
बॉलीवुड स्टार्स भी उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। एक्टर रितेश देशमुख ने भी सोशल मीडिया पर ट्वीट किया है।

रितेश देशमुख ने लिखा- कपिल देव जी के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। जल्दी ठीक हो जाइए सर। इसी के साथ रितेश देशमुख ने कपिल देव के दो फोटो भी शेयर किए हैं। एक फोटो में वो वर्ल्ड कप की ट्रॉफी लिए दिख रहे हैं। तो दूसरे में वो शॉट लगाते नजर आ रहे हैं।