खिलाड़ियों के पैसे की बर्बादी कर रहे राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधकारी! विवादों में दुबई दौरा

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा 20 पदाधिकारियों को जयपुर से दुबई ले जाया गया है। इन्हें वहां तीन IPL मैच दिखाने के साथ ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पदाधिकारियों से भी मिलाया जाएगा। लेकिन इस दौरे कि प्रदेश के कई पदाधिकारियों को सूचना तक नहीं दी गई इसको लेकर अब विवाद बढ़ने लगा है। नागौर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव राजेंद्र सिंह ने इसे खिलाड़ियों के पैसे की बर्बादी बताया है।

राजेंद्र सिंह ने कहा कि एक और प्रदेश में क्रिकेट के विकास के लिए जिला क्रिकेट संघ को पैसे नहीं दिए जा रहे, जबकि दूसरी और RCA के पदाधिकारी खिलाड़ियों और खेल के विकास के पैसे से दुबई सैर-सपाटा कर रहे हैं। राजस्थान क्रिकेट के लिए इससे ज्यादा दुर्भाग्य की बात नहीं हो सकती। राजेंद्र सिंह ने कहा कि एक और वैभव गहलोत सबको साथ लेकर चलने की बात कहते हैं। दूसरी और वो ही राजस्थान क्रिकेट में भेदभाव कर रहे हैं। इसका सीधा नुकसान खिलाड़ियों को उठाना पड़ रहा है।

राजेंद्र सिंह ने कहा कि IPL का आयोजन पहली बार नहीं हो रहा। राजस्थान के हर पदाधिकारी ने कई बार IPL मैच देख रहे हैं। ऐसे में दुबई जाकर मैच देखने का कोई औचित्य नहीं है। लेकिन, RCA अध्यक्ष वैभव गहलोत सिर्फ अपने चहेतों क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों को मौज कराने के लिए दुबई लेकर गए हैं। जो सरासर गलत है। प्रदेश के खिलाड़ियों के परिजन को दुबई भेजना चाहिए था, ताकि खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल सके। राजेंद्र सिंह ने कहा कि मैं वैभव गहलोत को बहस के लिए खुली चुनौती देता हूं, ताकि आम जनता को भी RCA में चल रहे भ्रष्टाचार की हकीकत पता चल सके।