कोरोना ने मचाया धौलपुर में हड़कंप, ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखा संक्रमण, आज सामने आए 61 मरीज

कोरोना की पहली लहर में देखा गया था कि संक्रमण शहरी क्षेत्र में ज्यादा फैल रहा था और ग्रामीण इलाकों में इसकी गति धीमी थी। लेकिन इस दूसरी लहर में ग्रामीण इलाकों में भी यह बहुत तेजी से फैल रहा हैं। इसी की वजह से कोरोना ने धौलपुर में हड़कंप मचा दिया और आज गुरुवार को 61 मरीज सामने आए हैं। एक्टिव केसों का आंकड़ा 453 पहुंच गया। हालांकि राहत की बात यह है कि करीब एक दर्जन पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।

लगातार एक्टिव केसों की संख्या में इजाफा होने से चिकित्सा विभाग एवं जिला प्रशासन में चिंताजनक स्थिति है। आमजन के साथ अब चिकित्सा कर्मी भी संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। जिले में कोरोना भयावह स्थिति में पहुंच रहा है। जिला अस्पताल के बेड लगभग फुल हो चुके हैं। जिला अस्पताल में वेंटिलेटर ऑक्सीजन एवं अन्य सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं लेकिन इनकी क्षमता है। अगर संक्रमण अधिक फैलता है और रोगियों की संख्या में अत्यधिक इजाफा होता है तो व्यवस्थाएं सीमित रह जाएंगी।

राजस्थान में संक्रमण की दर 15 फीसदी से ऊपर, एक्टिव केस 49 हजार के पार

राजस्थान में आज संक्रमण की दर 15.34% रही। राज्य में आज 43,383 सैंपल लिए गए थे। जिसमें से 6658 नमूने पॉजिटिव आए। राज्य में अब चिंता की सबसे बड़ी वजह एक्टिव केस बने हुए हैं। यह अब 49,276 तक पहुंच गए हैं और तेजी से बढ़ रहे हैं। जबकि रिकवरी रेट बहुत धीमी गति से बढ़ रही है। आज 2254 लोग इस बीमारी से रिकवर हुए है। राज्य में वर्तमान में रिकवरी रेट गिरकर 86.51% पर पहुंच गई है।