राजस्थान / जयपुर में 100% सफल रहा प्लाज्मा थैरेपी का ट्रायल, 517 ही एक्टिव केस

राजस्थान के 33 में से 29 जिलों में कोरोना पहुंच गया है। प्रदेश में संक्रमण के सबसे ज्यादा केस जयपुर में हैं। यहां 1078 (2 इटली के नागरिक) संक्रमित हैं। शहर में बुधवार को 27 नए पॉजिटिव केस सामने आए। जिसके बाद अब तक 1078 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। जयपुर राजस्थान का एक मात्र ऐसा शहर है जहा आंकड़ा 1 हजार के ऊपर है। वहीं अच्छी खबर ये है कि इनमें सिर्फ 517 एक्टिव केस हैं। वहीं 506 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिसमें से 361 लोग अब तक डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। वहीं संक्रमित मिले 52 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। कोरोना से जयपुर में लगातार बढ़ती मौतों ने चिंता बढ़ा दी है। यहां अब तक कोरोना वायरस के संक्रमण से 52 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 24 से ज्यादा लोगों को गंभीर बीमारियां थी। इसके अलावा 12 लोगों को हायपरटेंशन और 7 को पहले से डायबिटीज था। किडनी की दिक्कत 3 लोगों को थी। 8 लोगों को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया, जबकि 3 में पहले से कोई बीमारी नहीं पाई गई।

जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल (एसएमएस) में दो कोरोना मरीजों पर प्लाज्मा थैरेपी का ट्रायल किया गया था। इसमें 100% सफलता मिली है। दोनों ही मरीज अब स्वस्थ हो गए हैं।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में नई गाइडलाइन को लेकर फैसला किया गया। गहलोत ने कहा- केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अपनी गाइडलाइन में सिर्फ उन्हीं श्रमिकों एवं अन्य लोगों को अंतरराज्यीय आवागमन के लिए अनुमति दी है, जो लॉकडाउन के कारण दूसरे राज्यों में फंसे हैं। जो लोग कार्यस्थल पर आराम से रह रहे हैं और सिर्फ घर जाने की इच्छा रखते हैं, उन्हें घर जाने की इजाजत नहीं है।