उत्तर प्रदेश / कोरोना के पकड़ी रफ्तार, एक दिन में सामने आए 500 से ज्यादा नए मरीज; अब तक कुल 365 की हुई मौत

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस काफी तेज गति से दौड़ रहा है। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना के 536 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 12 हजार 616 हो गई है। अब तक कुल संक्रमित में से 7 हजार 609 लोग इलाज के बाद पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। अधिकारियों ने दावा किया है कि प्रदेश में रिकवरी रेट 60% से अधिक है। राज्य में फिलहाल कोरोना के 4 हजार 642 सक्रिय मामले हैं। 365 लोगों की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया- टेस्टिंग के मामले में गुरुवार को हमने एक बार फिर रिकॉर्ड कायम किया। प्रदेश में कुल 15 हजार 607 सैंपल की जांच की गई, जो अब तक सर्वाधिक है। शुरुआत में हम मात्र 200-250 जांच करते थे, लेकिन अबतक हमारी क्षमता में 60% की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के मुताबिक, हम जून अंत तक प्रतिदिन 20 हजार टेस्ट करने लगेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में अबतक 4 लाख 19 हजार 994 सैंपल की जांच हो चुकी है।वहीं, देश की बात करे तो आज कोरोना के संक्रमित मामले 3 लाख को पार कर गए है। आज अब तक एक दिन में कोरोना के 7 हजार 985 नए मामले सामने आए है वहीं, 221 लोगों की मौत हुई है। देश में अब तक कुल 3,06,270 संक्रमित मामले हो चुके है, वहीं 8 हजार 723 की अब तक मौत हो चुकी है। आज महाराष्ट्र में कोरोना के 3 हजार 493 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही महाराष्ट्र में अब कोरोना मरीजों की संख्या 101141 हो चुकी है। वहीं, आज 127 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही महाराष्ट्र में अब तक कोरोना वायरस के कारण 3 हजार 717 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। महाराष्ट्र के मुंबई में भी कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटों में मुंबई में 1 हजार 366 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही मुंबई में 55 हजार 451 लोगों में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया जा चुका है। वहीं मुंबई में 90 और लोगों की मौत के साथ ही कोरोना वायरस के कारण 2 हजार 44 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।