फिर बढ़ने लगा कोरोना, महाराष्ट्र में 700 तो दिल्ली में मिले 295 नए मरीज

देश में कोरोना के मामले एक बार फिर बढ़ना शुरू हो गए है। महाराष्ट्र में गुरुवार को करीब 700 मरीज मिले वहीं, दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 295 नए मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में एक दिन में मिले मरीजों के बाद राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 3,000 से ज्यादा हो गई है वहीं, दिल्ली में 932 एक्टिव मरीज हो गए हैं।

महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना संक्रमण के 694 मामले दर्ज किए गए। पिछली बार राज्य में 700 के करीब मामले 27 अक्टूबर, 2022 को दर्ज किए गए थे। जब कोरोना के कुल 972 मामले दर्ज किए गए थे।

बहरहाल, राज्य में गुरुवार को कोरोना से कोई मौत नहीं हुई। राज्य के कई जिलों में 10% से ज्यादा पॉजिटिविटि दर्ज की गई है, जिसमें मुंबई भी शामिल है। जिसकी पॉजिटिविटि दर गुरुवार को 12% थी। मुंबई में कोरोना के 192 नए मामलों की सूचना मिली है, जिससे शहर में एक्टिव केसों की संख्या 846 हो गई।

मुंबई में गुरुवार को कोविड-19 के कारण कुल 13 लोग अस्पताल में भर्ती हुए, जिससे कुल भर्ती मरीजों की संख्या 55 हो गई है। इनमें से 28 ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। डॉक्टरों ने कहा कि कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी के बावजूद अस्पताल में भर्ती होने वालों संख्या खास नहीं है। डॉक्टरों का कहना है कि कोरोना के मामलों में निश्चित रूप से तेजी देखी जा रही है, लेकिन ज्यादातर मामलों में कोरोना से संक्रमित मरीज खुद ठीक हो रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि अगर मरीजों को बुखार 72 घंटे से ज्यादा समय तक बना रहे, तो ही चिंता करने की जरूरत है।