दिल्ली: 24 घंटे में मिले 19,486 नए मरीज, 141 लोगों की मौत

दिल्ली में 24 घंटे में रिकॉर्ड 19 हजार 486 नए मामले सामने आए हैं। 141 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई है। दिल्ली में मरने वालों का ये अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। थोड़ी राहत ये रही कि 12,649 मरीज ठीक होकर घर लौट गए है। अब दिल्ली में एक्टिव केस 61 हजार हो गए हैं। अब तक दिल्ली में 8 लाख 03 हजार 623 केस हो गए हैं। वहीं अब तक कुल 7 लाख 30 हजार 825 लोग कोरोना से रिकवर हो चुके हैं। राजधानी में अब तक संक्रमण से 11,793 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच आज से दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू लगा दिया गया है और 8661 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। अब दिल्ली में पॉजीटिविटी रेट बढ़कर 25.22% हो गया है। बता दें कि वीकेंड कर्फ्यू शुक्रवार रात 10 बजे से शुरू होगा और सोमवार सुबह 6 बजे तक रहेगा।

दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल का कहना है कि मौजूदा समय में 15,048 बेड कोविड मरीजों के लिए उपलब्ध हैं। इनमें से 5,000 से ज्यादा बेड अभी खाली पड़े हुए हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर बेड की संख्या पर्याप्त करने पर काम किया जा रहा है। इसमें केंद्र सरकार के अस्पतालों मेें बेड की संख्या में बढ़ोतरी करना बेहद जरूरी हो गया।