बिहार / 1 लाख 12 हजार से ज्यादा हुई कोरोना मरीजों की संख्या, 24 घंटे में मिले 2884 नए कोरोना मरीज

बिहार में बीते 24 घंटे में 2 हजार 884 केस आए और 3 हजार 838 मरीज ठीक हो गए, जबकि 10 संक्रमितों की मौत हो गई। यहां भी रोजाना एक लाख से ज्यादा टेस्ट किए जा रहे हैं। राज्य में अब तक 20 लाख 10 हजार टेस्ट हो चुके हैं और इस मामले में यह देश में छठवें नंबर पर है। राज्य में हर 10 लाख की आबादी पर 745 लोग कोरोना संक्रमित हैं। बिहार में कोविड 19 (Covid 19) से संक्रमितों की संख्या 112,759 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग से जारी आंकड़े के अनुसार कुल सक्रिय केस की संख्या 27613 है जबकि 84578 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर वापस लौट चुके हैं। वहीं मौत की संख्या 568 है। बुधवार को नये मिले 2884 नए मामलों में पटना में सबसे अधिक 422 नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा पूर्वी चंपारण में 181, मुजफ्फरपुर में 173, मधुबनी में 115, सीतामढ़ी में 113, रोहतास में 118, सहरसा में 108, बेगूसराय में 103 मरीज मिले हैं। इसके अलावा अररिया में 74, अरवल में 40, औरंगाबाद में 49, बांका में 27, भागलपुर में 70, भोजपुर में 58, बक्सर में 39, दरभंगा में 55, गया में 78, गोपालगंज में 36, जमुई में 22, जहानाबाद में 54, कैमूर में 23 और कटिहार में 86 नए मरीजों की पहचान हुई है।

इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के संक्रमितों मरीजों के पेशे के आधार पर आंकड़ा तैयार किया है। संक्रमितों में 7.7 % यानी सात हजार से अधिक डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। 7.2% छात्र भी कोरोना के चपेट में आए हैं। संक्रमित होने वालों में सबसे ज्यादा 66% श्रमिक हैं। मार्च के अंतिम सप्ताह से कोरोना की जांच शुरू होने के बाद मई में सबसे अधिक प्रवासी श्रमिक बिहार आए थे। स्वास्थ्य विभाग ने पेशे को आधार बनाकर चिह्नित किया है। विभाग के आकलन के मुताबिक मरीजों में लॉकडाउन के दौरान सड़कों पर तैनात रहे पुलिसकर्मी भी करीब 2% हैं। इसके अलावे 1% कृषि श्रमिक, 6 % घरेलू महिलाएं हैं। 3% में सब्जी व फल विक्रेता, वाहन चालक और बिजली मैकेनिक हैं। वहीं, 2% लोग आवश्यक वस्तुओं के कारोबार से जुड़े हुए हैं। जबकि, सरकारी नौकरी करने वालों में संक्रमण का प्रतिशत एक तो प्राइवेट नौकरी करने वालों में 3% के करीब रहा।

71,281 नए मरीज मिले

देश में 71 हजार 281 नए मरीज मिले हैं। यह किसी भी एक दिन में संक्रमितों की सबसे बड़ी संख्या है। इन्हें मिलाकर कुल संक्रमित 28,29,732 हो गए हैं। बुधवार को 984 और मौतों के साथ मृतक संख्या 53 हजार 912 हो गई। मृत्युदर अब 1.91% हो गई है। देश में सबसे ज्यादा 13 हजार 165 मरीज महाराष्ट्र में मिले। यह किसी भी राज्य में किसी भी दिन में मरीजों की सर्वाधिक संख्या है। इसी के साथ महाराष्ट्र में कुल संक्रमित 6,28,642 हो गए।