परिवार के लिए इतनी प्रॉपर्टी छोड़ गए हैं अहमद पटेल, ये थी सालाना कमाई

कांग्रेस पार्टी (Congress Party) के चाणक्य और सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) के सलाहकार अहमद पटेल (Ahmed Patel) ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। ये अहमद पटेल ही थे, जिनकी वजह से सोनिया गांधी अपने पति राजीव गांधी की हत्या के बाद इतनी बड़ी पार्टी संभाल पाईं। गांधी परिवार के सबसे करीब और कांग्रेस के बेहद ताकतवर असर वाले अहमद लो-प्रोफाइल रहते थे और खुद को साइलेंट मोड पर रखते थे। गांधी परिवार के अलावा किसी को नहीं पता कि उनके दिमाग में क्या रहता था। अहमद पटेल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष भी रह चुके थे। आइए जानते हैं अहमद पटेल अपने परिवार के लिए कितनी संपत्ति छोड़ गए हैं और परिवार की इनकम क्या है-

myneta.info वेबसाइट के मुताबिक, अहमद पटेल की संपत्ति में 2011 से 2017 के दौरान 23% की वृद्धि हुई है। अहमद पटेल की सालाना आय 15 लाख 10 हजार 147 रुपये है। चुनाव आयोग को दिए हलफनामे के मुताबिक, उनकी पत्नी मैमूना की आय 20 लाख 15 हजार 900 रुपये हैं। इन सबको मिलाकर कुल वार्षिक आय 35 लाख 26 हजार 047 रुपये हो जाती है।

हलफनामे के मुताबिक, अहमद पटेल के पास कुल संपत्ति 6 करोड़ 51 लाख 09 हजार 803 मूल्य की है। इसके अलावा उनकी एक करोड़ से ज्यादा (1,17,04,908) अन्य सेविंग्स हैं। अहमद पटेल के बेटे और बेटी की इनकम के बारे में इस हलफनामे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

28 साल में सांसद बन गए थे

पटेल का जन्म 21 अगस्त 1949 को गुजरात के भरूच जिले के पिरामण गांव में हुआ था। 71 साल के अहमद पटेल 3 बार लोकसभा के सदस्य (1977 से 1989) रहे हैं और 5 बार राज्यसभा के सांसद रहे हैं। अगस्त 2018 में उन्हें कांग्रेस पार्टी का कोषाध्याक्ष नियुक्त किया गया था। पहली बार 1977 में 26 साल की उम्र में भरूच से लोकसभा का चुनाव जीतकर अहमद पटेल संसद पहुंचे थे। हमेशा पर्दे के पीछे से राजनीति करने वाले अहमद पटेल कांग्रेस परिवार के विश्वस्त नेताओं में गिने जाते थे। वे 1993 से राज्यसभा सांसद थे। उन्होंने पहला चुनाव 1977 में भरूच लोकसभा सीट से लड़ा था और 62 हजार 879 वोटों से जीते थे। तब उनकी उम्र सिर्फ 28 साल थी। 1980 में पटेल भरूच से ही 82 हजार 844 वोटों से और 1984 में 1 लाख 23 हजार 69 वोटों से जीत दर्ज की थी।