देश में बेरोजगारी के लिए कांग्रेस जिम्मेदार: विजय रूपाणी

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी अपनी सरकार के पांच साल पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं। शुक्रवार को रोजगार दिवस के रूप में मनाते हुए सीएम विजय रूपाणी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। रूपाणी ने देश में बढ़ती बेरोजगारी के लिए सीधे-सीधे कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि कांग्रेस कई साल सत्ता में रही, उसने बेरोजगारी खत्म करने के लिए कोई प्रयास ही नहीं किए। जिसके कारण यह समस्या लगातार बढ़ती गई।

रूपाणी ने कहा गुजरात सरकार देश में सबसे अधिक रोजगार उपलब्ध कराने वाली सरकार है। हमारे यहां पर 15 से 29 साल की उम्र के युवाओं में देश में सबसे कम बेरोजगारी है। गुजरात में पिछले चार साल में सरकार ने 2 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं।

रूपाणी ने इस मौके पर अनुबंधम रोजगार पोर्टल का लोकार्पण किया तथा सरकारी व गैर सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र युवक-युवतियों को वितरित किए। राज्य के जिला व तहसील क्षेत्रों में सरकार की ओर से 50 से अधिक रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री रूपाणी ने कहा कि गुजरात देश के अन्य राज्यों की तुलना में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में सबसे आगे है। गुजरात में 18,174 से अधिक औद्योगिक इकाइयों को गुजरात अप्रेंटिस एक्ट में शामिल किया गया है। सरकार की ओर से 1947 भर्ती मेलों का आयोजन कर अब तक 76,326 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है।

राज्य में 1034 वेबीनार का आयोजन कर एक लाख 40,000 युवाओं को रोजगार के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। अहमदाबाद में 20 एकड़ जमीन पर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल का निर्माण किया जाएगा जहां 5000 युवक-युवतियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जाएगा।