दिल्ली : एक्शन में प्रियंका गांधी, झुग्गी में लोगों से मिलने पहुंची, दिव्यांग से की मुलाकात, तस्वीरें

कांग्रेस (Congress) का महासचिव बने मुश्किल से दो सप्ताह ही हुए हैं लेकिन इतने कम समय में ही प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) पूरे फॉर्म में नजर आ रही हैं। कांग्रेस का महासचिव बनने के बाद प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) मंगलवार शाम को दिल्ली के औरंगजेब रोड पर स्तिथ एक झुग्गी में पहुंचीं और यहां लोगों से मिलीं। जहा उन्होंने एक दिव्यांग बच्चे से भी मुलाकात की। वह जिस दिव्यांग बच्चे से मिलीं उसका नाम आशीष बताया जा रहा है। आशीष के पिता ने इस बारे में एएनआई से बात करते हुए कहा, 'प्रियंका गांधी हर दो महीने बाद यहां आती हैं और यहां लोगों के साथ समय बिताकर लोगों का हालचाल लेती हैं। वह बीते 3-4 सालों से आशीष के इलाज में मदद करती आ रही हैं।'

गौरतलब है कि आज ही प्रियंका गांधी के नाम के प्लेट कांग्रेस मुख्यालय में उनके कक्ष के बाहर लगी है। कांग्रेस परिवार में अब भाई राहुल गांधी और बहन प्रियंका गांधी एक साथ मिलकर राजनीतिक मोर्चा संभालेंगे। प्रियंका गांधी का कक्ष कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी के पड़ोस में बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि कांग्रेस में बीते काफी समय से प्रियंका गांधी को राजनीति में लाने की मांग उठ रही थी। अब प्रियंका गांधी ने लोकसभा चुनाव से पहले मोर्चा संभाल लिया है। कांग्रेस को प्रियंका गांधी से काफी उम्मीदें हैं। उनकी सियासी एंट्री लोगों के बीच चर्चा और दिलचस्पी का केंद्र भी बनी हुई है।