राहुल गांधी ने योग दिवस पर उड़ाया सेना का मजाक, आर्मी की डॉग यूनिट की फोटो के साथ लिखा- न्यू इंडिया

आज भारत समेत दुनियाभर में पांचवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 40 हजार लोगों के साथ झारखंड की राजधानी रांची में योग किया। देश दुनिया में हर तरफ योग दिवस को लेकर उत्साह है लेकिन इस सब के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने योग दिवस पर तंज कसा है। राहुल गांधी ने एक तस्वीर ट्वीट कर योग दिवस का मजाक उड़ाया है। राहुल गांधी ने आर्मी डॉग यूनिट की एक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में जवानों के साथ कुत्ते भी योग करते हुए दिख रहे हैं। राहुल ने तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा है 'न्यू इंडिया'। राहुल गांधी के इस ट्वीट को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना भी हो रही है।

राहुल गांधी के जरिए किए गए ट्वीट में दो फोटो है। दोनों ही फोटो में कुत्ते और सेना के जवान एक साथ योग कर रहे हैं। फोटो में दिख रहे कुत्ते सेना के ही हैं और 2 आर्मी डॉग यूनिट के हैं। वहीं राहुल ने इन तस्वीरों को ट्वीट करते हुए कैप्शन में 'न्यू इंडिया' लिखा है।

राहुल गांधी के इस ट्वीट को लेकर रिएक्शन भी देखने को मिले हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा के जरिए राहुल गांधी के इस ट्वीट पर जवाब दिया गया है।

आपको बता दें राहुल गांधी भले ही सेना की डॉग यूनिट का मजाक उड़ा रहे हों लेकिन आज योग दिवस के कार्यक्रम में सेना के जवानों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। जैसलमेर में रेगिस्तान में योगाभ्यास किया गया तो वहीं INS विराट पर भी नौसेना के जवानों ने योग किया। उत्तराखंड में वसुंधरा ग्लेशियर में भी जवानों ने पूरे जोश के साथ योगाभ्यास किया। अरुणाचल प्रदेश में सेना के जवानों ने अनोखे अंदाज में योग किया। इसके साथ ही विशाखापट्टनम में आईएनएस सिंधुध्वज पनडुब्बी पर नौसेना के जवानों ने योग किया। आईटीबीपी के जवानों ने ओपी दोरजिला के पास 19000 फीट की ऊंचाई पर माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तापमान में योग किया।