
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी रणनीति को तेज कर दिया है। इसी सिलसिले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज एक दिवसीय दौरे पर बक्सर पहुंचे। यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नमन किया और कांग्रेस की विचारधारा को मजबूती से जनता के सामने रखा।
खरगे ने अपने भाषण की शुरुआत बिहार की महान विभूतियों को श्रद्धांजलि देते हुए की। उन्होंने कहा कि यह वही भूमि है जहां से महात्मा गांधी ने चंपारण में सत्याग्रह की शुरुआत की थी, जिसने आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि वह जय बापू, जय भीम और जय संविधान रैली को लेकर इस पवित्र धरती पर आए हैं, जो उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आगे कहा कि यह वही क्षेत्र है जहां संविधान सभा के प्रोटेम अध्यक्ष डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा का जन्म हुआ था।
खरगे ने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर सीधा हमला करते हुए कहा कि इनकी जोड़ी सिर्फ सत्ता की कुर्सी बचाने के लिए बनी है, जनता और विकास से इनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे गठबंधन बदलने में माहिर हैं—कभी इधर, कभी उधर। इससे सिर्फ गरीब, पिछड़े और किसानों का नुकसान होता है।
अपने संबोधन में खरगे ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को जानबूझकर फंसाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली, लखनऊ और मुंबई की संपत्तियों को जब्त किया जाना राजनीतिक बदले की भावना का परिचायक है। लेकिन कांग्रेस डरने वाली नहीं है और भाजपा के हर षड्यंत्र को जनता के बीच उजागर करेगी।
खरगे के इस दौरे से पहले 7 अप्रैल को राहुल गांधी भी बिहार के दौरे पर थे। उन्होंने बेगूसराय में पदयात्रा की और पटना में कार्यक्रम में हिस्सा लिया। राहुल गांधी ने कांग्रेस की विचारधारा को दोहराते हुए कहा था कि पार्टी का उद्देश्य गरीब, वंचित, ओबीसी, दलित और सामान्य वर्ग के लोगों को सम्मान के साथ जोड़कर आगे बढ़ाना है।