युद्ध के बीच भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ, ईरान को भेजी मेडिकल सहायता, तेहरान ने जताया आभार

मध्य पूर्व में जारी तनावपूर्ण हालात के बीच भारत ने मानवीय पहल करते हुए ईरान के लिए चिकित्सा सहायता की पहली खेप भेजी है। यह मदद ऐसे समय में पहुंचाई गई है जब ईरान, इजरायल और अमेरिका के साथ बढ़ते टकराव के कारण कठिन परिस्थितियों से जूझ रहा है। भारत की ओर से भेजी गई यह पहली राहत सामग्री आम भारतीय नागरिकों के सहयोग और संवेदनशीलता का परिणाम है, जिसका उद्देश्य संकट से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना है।

इस सहायता के लिए ईरान ने भारत के प्रति आभार व्यक्त किया है। भारत में स्थित इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारतीयों की ओर से भेजी गई चिकित्सा सामग्री की पहली खेप ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी को सौंप दी गई है। दूतावास ने अपने संदेश में भारतीय जनता की उदारता और सहयोग भावना की सराहना करते हुए उनका दिल से धन्यवाद किया।
भारत और ईरान के बीच संबंध हमेशा से मजबूत और गहरे रहे हैं। दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक जुड़ाव लंबे समय से कायम है। हाल के वर्षों में इन रिश्तों को और मजबूती मिली है, खासकर चाबहार पोर्ट को लेकर हुए महत्वपूर्ण समझौते के बाद। इस परियोजना के तहत ईरान ने भारत को चाबहार बंदरगाह के विकास और संचालन के लिए 10 वर्षों की लीज प्रदान की थी, जो दोनों देशों के बीच भरोसे और रणनीतिक साझेदारी का बड़ा उदाहरण है।

हालांकि मौजूदा युद्ध जैसे हालातों के चलते इस परियोजना की गतिविधियों पर असर पड़ा है और भारत फिलहाल इसका पूरी तरह उपयोग नहीं कर पा रहा है। इसके बावजूद, भारत ने अपने मानवीय दायित्व को प्राथमिकता देते हुए ईरान के नागरिकों तक सहायता पहुंचाने का निर्णय लिया, जो दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्तों को दर्शाता है।

ईरान के दूतावास ने भारतीय नागरिकों द्वारा दिए जा रहे सहयोग को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए आधिकारिक बैंक विवरण भी साझा किए हैं। दूतावास ने लोगों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत खाते में ही दान करें और किसी भी अनौपचारिक QR कोड या UPI माध्यम से लेन-देन करने से बचें। दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे किसी भी अनधिकृत माध्यम की जिम्मेदारी वह नहीं लेगा।

खाता नाम: Embassy of Iran
खाता संख्या: 11084232535
IFSC कोड: SBIN0000691