अबू धाबी: मध्य पूर्व का हालात लगातार तनावपूर्ण होते जा रहे हैं। अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच संघर्ष दिन-ब-दिन गहरा और खतरनाक होता जा रहा है। कतर में हाल ही में हुए हमले के ठीक एक दिन बाद ईरान ने अबू धाबी को अपना लक्ष्य बनाया। अबू धाबी मीडिया ऑफिस के अनुसार, हबशान गैस फैसिलिटी को पूरी तरह बंद कर दिया गया है क्योंकि हाल ही में इंटरसेप्ट की गई मिसाइल के टुकड़े फैले हुए पाए गए। अधिकारियों ने बताया कि बाब ऑयल फील्ड और संबंधित गैस फैसिलिटी पर तुरंत सुरक्षा और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। मीडिया ऑफिस ने स्पष्ट किया, “गैस फैसिलिटी का संचालन रोक दिया गया है और किसी को चोट नहीं आई है।” ईरान की जवाबी कार्रवाई
वहीं दूसरी ओर, अमेरिका और इज़राइल के हमलों के बाद ईरान और उसके सहयोगी लगातार जवाबी हमले कर रहे हैं। प्रेस टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी सशस्त्र बल और क्षेत्रीय प्रतिरोधी समूह अमेरिका और इज़राइल को निशाना बना रहे हैं। 18 मार्च बुधवार को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर और ईरानी सेना ने 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4' के तहत कई हमले अंजाम दिए। प्रेस टीवी ने बताया कि ऑपरेशन की शुरुआत के बाद अब तक कुल 63 वेव्स में मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए, जिनमें इज़राइल के कब्जे वाले क्षेत्रों में सैन्य ठिकानों और पूरे पश्चिम एशिया में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया गया।
कतर में हुआ बड़ा नुकसान
उल्लेखनीय है कि बुधवार रात को खाड़ी क्षेत्र के तेल और गैस फील्ड पर भीषण हमला हुआ। कतर की रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में ईरानी हमले की वजह से आग फैल गई। कतर के इंटीरियर मिनिस्ट्री ने जानकारी दी कि सिविल डिफेंस की टीमें आग बुझाने में लगी हुई हैं। कतर एनर्जी कंपनी ने पुष्टि की, “रास लाफान पर मिसाइलें गिरी हैं, जिससे काफी नुकसान हुआ है। आपातकालीन टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया। सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और कोई हताहत नहीं हुआ।” वहीं, सऊदी अरब के ऊपर भी हवाई हमला हुआ, जिसे समय रहते इंटरसेप्ट कर लिया गया।