शातिर बदमाश अपना काम निकलवाने के लिए कई तरीके अपनाते हैं। इसका एक मामला सामने आया जोधपुर में जहां जालसाजों ने केबीसी ने नाम पर महिला को झांसे में फंसाया और लाखों की ठगी को अंजाम दिया। शातिर ने झांसे में लेकर महिला से अपने खाते में 3.95 लाख रुपए की राशि ट्रांसफर करवा ली। अब शातिर फोन बंद कर बैठा है। पीडि़ता की रिपोर्ट पर मथानिया थाने में धोखाधड़ी एवं आईटी एक्ट में केस दर्ज कराया गया है।
थानाधिकारी गौतम डोटासरा ने बताया कि उम्मेद नगर में रहने वाली लीला देवी पत्नी मुकनाराम की तरफ से यह रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि उसके पास में गत 17 मार्च को किसी शख्स का फोन आया और केबीसी में इनाम खुलने की बात की। तब उसे इनाम में अलग अलग रकम बताई गई। झांसे में आई लीलादेवी ने परिवार वालों को भी बात नहीं बताई। फिर उसने 19 अप्रैल तक शातिर के खातेे में अलग अलग नंबरों पर कुल 3.95 लाख रुपए डलवा दिए। इतनी बड़ी राशि जुटाने के लिए उसने अपने घर के गहने भी बेच डाले। राशि खाते में आने के बाद शातिर ने अपना फोन बंद कर दिया। महिला ने कई दिन तक प्रयास किया, लेकिन विफल रहने पर अब आखिरकार पुलिस की शरण में पहुंची।