शनिवार देर रात न्यू सांगानेर रोड पर स्थित राजावत पेट्रोल पंप पर अज्ञात बदमाशों ने पिस्टल दिखा पेट्रोल पंप पर लूट को अंजाम दिया। यह पूरी वारदात महज 20 सेकंड में हो गई जो पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हो गई। घटना रात के करीब 1 बजे घटित हुई। पेट्रोल पंप कर्मचारी के मुताबिक सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं आई। रविवार सुबह 7 बजे पुलिस मौके पर पहुंची।
देर रात एक कर्मचारी फिलिंग पंप पर बैठा था। 1 बजकर 14 मिनट पर पहले एक स्कूटी पंप पर आकर रुकी। इसके बाद दूसरी स्कूटी भी आ गई। इन दोनों पर दो-दो युवक थे, जिन्होंने अपना चेहरा नकाब और टोपी से कवर कर रखा था। स्कूटी के रुकने पर पेट्रोल पंपकर्मी पेट्रोल भरवाने वाला युवक समझकर उठा। तभी स्कूटी सवार एक बदमाश नीचे उतरा। उसने कपड़ों में छिपा रखी पिस्टल निकाली और पेट्रोल पंप कर्मचारी पर तान ली। इससे वह घबरा गया। तभी दूसरा बदमाश भी नीचे उतरा। उसने कर्मचारी से बैग और उसकी जेब में रखी नकदी छीन ली। कर्मचारी ने डर के मारे बदमाशों के हाथ जोड़ लिए। बदमाशों के फरार होने के बाद कर्मचारी दौड़ते हुए ऑफिस में पहुंचा। वहां फोन कर पेट्रोल पंप संचालक को सूचना दी।