CAA के खिलाफ लखनऊ में प्रदर्शन कर रही महिलाओं से पुलिस ने छीने कंबल और खाना

नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच आज लखनऊ के घंटाघर में मुस्लिम महिलाओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिसिया कार्रवाई के बाद अफरा तफरी का माहौल है। पुलिस ने रविवार को प्रदर्शन कर रही महिलाओं के पास से खाने-पीने के सामान सहित कंबल भी जब्त कर लिए है। प्रदर्शनकारी पुरुषों को पुलिस भगा रही है और अब तक शांति से हो रहा प्रदर्शन उग्र हो गया है। प्रदर्शनस्थल के चारों तरफ पुलिस गश्त कर रही है। प्रदर्शन वाली जगह पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। शनिवार को भी घंटाघर में भारी संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान इस प्रदर्शन में महिलाओं के अलावा छोटे छोटे बच्चे और बच्चियां भी शामिल थीं। दरअसल, आज लखनऊ पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से हटने की अपील की लेकिन जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो पुलिस वाले अचानक एक्शन में आ गए और वहां आंदोलन से जुड़े सामान हटाए जाने लगे, जिसका विरोध हुआ, लेकिन पुलिस नहीं रूकी।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि पुलिस ने उनके सामान जब्त कर लिए और टेंट-खाने का सामान नहीं पहुंचने दिया। महिलाओं का कहना है कि पुलिस आंदोलन को रोकने की कोशिश कर रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मान ली जाती हैं, तब तक वे प्रदर्शन से पीछे नहीं हटेंगे। लोग अपने साथ खाना, कंबल, पानी, टेंट सब साथ लेकर आए हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दक्षिणी दिल्ली के शाहीन बाग और जेएनयू में जो भी हुआ है हम उसका विरोध करते हैं। ये एनआरसी और सीएए ध्यान भटकाने के लिये है। विकास और रोजगार मुद्दा है, उसको सरकार नही देख रही है।