राजस्थान : दुकान में लगी आग से खाक हुआ सामान और नगदी, लगभग 20 लाख का हुआ नुकसान

नागौर के खींवसर में बीते दिन दुकान में भीषण आग लगी जिसमें 20 लाख का सामान जलकर खाक हो गया। कस्बे में राजीव चौक क्षेत्र में तीन पार्टनर बालाजी सेल नाम से दुकान चला रहे हैं। सेल की दुकान में मंगलवार रात को 11 बजे अचानक आग लगने से पूरी दुकान में आग फैल गई। आग इतनी जल्दी से फैली कि पूरे सेल की दुकान व गोदाम एवं रहवासी कमरों तक आग फैल गई। जिसके कारण लाखों रुपए का नुकसान हो गया है।
सेल मालिक के पार्टनर जगदीश व मनीराम एवं राकेश निवासी डूंगरास आथूणा तहसील बिदासर जिला चूरु ने मिलकर कस्बे के राजीव चौक क्षेत्र में एक मकान किराए लेकर बालाजी सेल नाम से दुकान लगाई। अचानक आग लगने से बालाजी सेल में रखा मनिहारी सामान, खिलौने, प्लास्टिक व कॉस्मेटिक, रेडीमेड कपड़े व अन्य रेडिमेड सामान एवं दो लाख पचास हजार नगद आदि जलकर राख का ढेर हो गए हैं।जानकारी के अनुसार इस आग दुर्घटना में करीब बीस लाख रुपए का सामान जलकर नष्ट होना बताया गया है तथा जिस मकान को किराए लेकर सेल लगाई गई उस मकान में आग से छत पट्टियां एवं दरवाजे व खिड़की तथा दीवारें तमाम जलकर नष्ट हो गए तथा दीवारों में दरारें पड़ गई है। घटना के बाद मकान मालिक ने बताया कि इस मकान में आग लगने से 18 से 22 लाख तक का मकान निर्माण कार्य का नुकसान हुआ है। आग दुर्घटना की सूचना मिलने पर खींवसर पटवारी आईदान राम ने मौके पर पहुंचकर व मौका मुआयना करके रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को अवगत कराया गया है।