जापान से खरीदी जाएंगी 24 बुलेट ट्रेनें, मेक इन इंडिया के तहत इनमें से 6 भारत में होंगी असेंबल

रेल मंत्रालय की एक योजना का जिक्र करते हुए रेल मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को राज्यसभा में बताया कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना के लिए जापान से 24 बुलेट ट्रेन खरीदी जाएंगी। राष्ट्रीय हाई स्पीड रेल कार्पोरेशन लि। और जापान के बीच एक हस्ताक्षरित समझौता है। मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खरीदी जाने वाली 24 रेलगाड़ियों में से छह को भारत में असेंबल किया जाएगा। गोयल ने बताया कि इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 1.08 लाख करोड़ रुपये है। इसमें से 81 प्रतिशत लागत का वित्त पोषण जापान इंटरनेशनल को-ऑपरेशन एजेंसी (जीका) के माध्यम से किया जाएगा। इस काम को 2023 में पूरा करने का लक्ष्य है।

बता दें कि बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर जमीन अधिग्रहण का पेच अब भी फंसा हुआ है। राष्ट्रीय हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) की नई जानकारी के मुताबिक अब तक आवश्यक 1,380 हेक्टेयर भूमि में से सिर्फ 39 प्रतिशत भूमि का अधिग्रहण हो पाया है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए महाराष्ट्र और गुजरात में आवश्यक 1,387 हेक्टेयर भूमि में से 537 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण ही हो सका है।