भारत पहुंचा ब्रिटेन वाला नया कोरोना वायरस, मिले 6 संक्रमित

देश में सोमवार को सिर्फ 16 हजार 72 केस आए। यह आंकड़ा 23 जून के बाद सबसे कम है। तब 15 हजार 656 केस आए थे। बीते 24 घंटे में 24 हजार 822 मरीज ठीक हो गए। 250 मरीजों की मौत हुई। इस तरह एक्टिव केस में 9011 की गिरावट आई। अब सिर्फ 2.67 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक कुल 1.02 करोड़ कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 98.06 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। 1.48 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है।

छह मरीजों में मिला कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन

भारत में भी कोरोना वायरस (Coronavirus) का नया स्ट्रेन पहुंच गया है। यहां छह मरीजों में यह वायरस मिला है। ये सभी हाल ही में ब्रिटेन से लौटे थे। हालांकि, अभी यह पता नहीं चल सका है कि ये मरीज कहां पाए गए हैं। इनमें से 3 सैम्पल बेंगलुरु, 2 हैदराबाद और 1 पुणे के इंस्टीट्यूट भेजे गए थे।

जानकारी के मुताबिक, 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक यूके से करीब 33000 लोग वापस आए। सभी को ट्रैक किया गया और उनका टेस्ट करवाया गया। इनमें से कुल 114 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले थे। जिसके बाद इन सभी के सैंपलों को देश की 10 लैब (कोलकाता, भुवनेश्वर, NIV पुणे, CCS पुणे, CCMB हैदराबाद, CCFD हैदराबाद, InSTEM बेंगलुरु, NIMHANS Bengaluru, IGIB Delhi, NCDC Delhi) में भेजा गया था। इनमें से कुल 6 लोगों के सैंपल में कोरोना का नया स्ट्रेन पाया गया है। इन सभी लोगों को राज्य सरकार द्वारा एक सेल्फ आइसोलेशन रूम में रखा गया है।

आपको बता दे, ब्रिटेन में अब तक कोरोना वायरस के ज्यादा खतरनाक दो वैरिएंट मिल चुके हैं। पहला वैरिएंट मिला इसके बाद ही भारत सरकार ने 21 दिसंबर को ब्रिटेन से आने वाली फ्लाइट्स पर रोक लगा दी थी। ये रोक 22 दिसंबर रात 11:59 बजे से 31 दिसंबर रात 11:59 बजे तक लगाई गई। जो लोग इससे पहले फ्लाइट्स से भारत पहुंचे उनका एयरपोर्ट पर ही RT-PCR टेस्ट किया गया था।