शीला दीक्षित की तबीयत खराब, सूचना मिलते ही मिलने पहुंचे मनोज तिवारी, कहा - उन्हें अपनी मां के समान मानता हूँ

मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) ने बीते शनिवार को कांग्रेस की अपनी समकक्ष शीला दीक्षित (Sheila Dikshit) से उनके घर पर शिष्टाचार भेंट की। दिल्ली भाजपा के मीडिया सह संयोजक नीलकांत बख्शी ने इस संबंध में कहा कि मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) को शीला दीक्षित (Sheila Dikshit) की तबीयत खराब होने की सूचना मिली, जिसके बाद उन्होंने 81 वर्षीय शीला के पूर्वी निजामुद्दीन स्थित घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। करीब 20 मिनट तक चली मुलाकात के दौरान उन्होंने शीला से उनकी तबीयत के बारे में पूछा। बख्शी ने कहा, दोनों नेताओं ने स्वीकार किया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के बीच मैत्रीपूर्ण और सौहार्दपूर्ण संबंध हो सकते हैं और मनोज तिवारी ने शीला दीक्षित से कहा कि वह उन्हें अपनी मां के समान मानते हैं।

बता दे, मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) ने शीला दीक्षित (Sheila Dikshit) को उत्तर-पूर्वी दिल्ली से करीब 3.66 लाख वोटों से हराया है। मोनज तिवारी को 7,87,799 (53.9 फीसदी) वोट, जबकि शीला दीक्षित को 4,21,697 (28.85 फीसदी) वोट मिले थे। आम आदमी पार्टी (आप) के दिलीप पांडेय 1,90,856 (13.06 फीसदी) वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। मनोज तिवारी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि वह तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शीला दीक्षित का सामना करने को लेकर चुनाव के दौरान अंदर से डरे हुए थे।