इंदौर : सत्ता के नशे में चूर BJP विधायक की गुंडागर्दी, अधिकारियों को बैट से पीटा, वीडियो वायरल

भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय ने इंदौर में नगर निगम कर्मियों के साथ हाथापाई की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में आकाश नगर निगम के कर्मचारी को क्रिकेट बैट से पीटते नजर आ रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, नगर निगम के कर्मचारी अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत गंजी कंपाउंड स्थित जर्जर मकान तोड़ने के लिए पहुंचे लेकिन आकाश ने कर्मचारियों को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान जेसीबी मशीन की चाबी भी निकाल ली, जब निगम कर्मी पीछे नहीं हटे तो आकाश अपने हाथ में बल्ला लेकर उनकी पिटाई करते दिखे। आकाश को रोकने के लिए पुलिस उनको समझाने की कोशिश भी कर रही थी, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं दिख रहे थे। यह वीडियो इंटरनेट पर काफी वायरल हो गया। इंदौर में हुए इस घटना के दौरान आकाश को वीडियो में देखा गया कि वह एक क्रिकेट बैट के साथ नगर निगम के अधिकारी की पिटाई कर रहे हैं।बता दें कि आकाश विजयवर्गीय इंदौर तीन सीट का प्रतिनिधित्व मध्य प्रदेश की विधानसभा में करते हैं। आकाश बीते वर्ष ही राज्य में हुए विधानसभा चुनाव जीतकर ही विधायक बने हैं। आपको बता दें कि ऐसा कोई पहला मामला नहीं है जहां भारतीय जनता पार्टी के नेता उग्र रुप धारण कर सड़क पर सरकारी कर्मचारियों को पीटते नजर आ रहे हैं। इससे पहले हरियाणा में भी इस तरह की घटना देखने को मिली थी।