BJP का CAA को लेकर 'जन जागरण अभियान' आज से, जेपी नड्डा वडोदरा से शुरू करेंगे मुहिम

बीजेपी ने साल 2020 की शुरुआत के साथ ही नागरिकता संशोधन कानून को लोगों तक पहुंचाने का बड़ा प्लान तैयार कर लिया है। इसके लिए बीजेपी आज से 'जन जागरण अभियान' की शुरुआत करने जा रही है। बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) गुजरात के वडोदरा के स्वामी नारायण मंदिर ग्राउंड में आज शाम 6 बजे इस अभियान की शुरुआत करेंगे। CAA को लेकर देशभर में बीजेपी का ये अभियान 20 दिनों तक चलेगा। बीजेपी घर-घर जाकर नागरिकता कानून पर लोगों से बात करेगी। देशभर में एक हजार रैलियों का कार्यक्रम है। 250 प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी। हर जिले में रैलियां और बुद्धिजीवी सम्मेलन होंगे। पंचायत और वार्ड स्तर पर बैठकें होगीं। बीजेपी के नेता लोगों के बीच जाकर कानून पर बात करेंगे और उनके सवालों व संशयों का जवाब देंगे।
बता दें कि CAA के खिलाफ केरल विधानसभा ने प्रस्ताव पास किया है। वहीं, कई गैर-बीजेपी सरकार वाले राज्यों में इस कानून का जोरदार विरोध हो रहा है। इन सबके बीच बीजेपी ने लोगों में इस कानून के प्रति जागरुकता फैलाने का प्लान बनाया है, जिसके तहत ये मेगा अभियान चलाया जा रहा है।नागरिकता संशोधन कानून को लेकर बीजेपी कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती है। लिहाजा बीजेपी के दिग्गज नेताओं के अलावा कई क्षेत्रों की मशहूर हस्तियों को भी बीजेपी अपने अभियान का चेहरा बनाएगी। आपको बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर उत्तर प्रदेश, असम और दिल्ली समेत अन्य राज्यों में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल नागरिकता संशोधन कानून का लगातार विरोध कर रहे हैं।