भुवनेश्वर में नाइट कर्फ्यू के बावजूद बार में चल रही थी पार्टी, BMC ने छापा मार किया सील

ओड़िसा की राजधानी भुवनेश्वर (Bhubaneswar ) में नाइट कर्फ्यू के बावजूद एक नामीगिरामी बार में पार्टी चल रही थी। जिसके बाद भुवनेश्वर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए बार को सील कर दिया है। साउथ इस्ट जोन एवं खारबेल नगर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से इस बार पर छापामारी करते हुए इसे अनिश्चितकाल के लिए सील कर दिया है। गौरतलब है कि राज्य के तमाम नगर निगम एवं निकाय क्षेत्र में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू जारी है। यह जानने के बावजूद विभिन्न होटलों में मौजूद बार के अधिकारी नियम का उल्लंघन कर रहे हैं। देर रात तक बार चला रहे हैं। इस संबंध में आरोप आने के बाद बीएमसी ने संपृक्त बार पर छापामारी करते हुए बार को अनिश्चित काल के लिए सील कर दिया है।

सूचना के मुताबिक राज्य में कोरोना की स्थिति नियंत्रण में है। ऐसे में कोरोना प्रतिबंध काफी सहूलियत दी गई है। जीवन-जीविका को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने करीबन सभी अनुष्ठान को खोलने की अनुमति दे दी है। रात 10 बजे तक दुकान बाजार खोलने की छूट दी गई है। नियम में ढिलाही दिए जाने के बाद लोग लापरवाही बरतनी भी शुरू कर दिए हैं। खासकर राजधानी में मौजूद विभिन्न बार के मालिक बिना लाइसेंस के डांस बार चला रहे हैं और शाम होते ही वहां पर लोगों का जमावड़ा लगना शुरू होता है और देर रात तक चलता है।

खारबेल नगर स्थित मैडमूल बार में रात 10 बजे के बाद भी पार्टी जारी रहने की सूचना मिलने के बाद बीएमसी के अधिकारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और फिर बार को अनिश्चित काल के लिए सील कर दिया।