भोपाल: मां के सामने आधा दर्जन आवारा कुत्तों ने मिलकर 6 वर्षीय मासूम की ले ली जान

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लोगों को आवारा कुत्तों की वजह से कई तरह की मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी कड़ी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घटना शुक्रवार शाम की है। अवधपुरी के संगम विहार नगर में 6 वर्षीय बच्चे के ऊपर उस समय वहां के आवारा कुत्ते टूट पड़े जब वह खुले मैदान में खेल रहा रहा था। करीब आधे दर्जन आवारा कुत्तों ने मिलकर एक 6 साल के बच्चे पर एक साथ हमला कर दिया जिसके बाद उस बच्चे की मौत हो गई।

इसमें सबसे हैरान करने वाली बात यह हुई कि जब उस बच्चे की मां ने ये देखा तो वह उसे बचाने के लिए दौड़ी लेकिन कुत्ते उसकी तरफ भी टूट पड़े और मां को पास भी फटकने नहीं दिया। संजू की मां की हाल ही में सर्जरी हुई थी इसलिए वह भी बेहतर हालत में नही थी कि अपने बच्चे की जान बचा सके। संजू की मां ने लोगों को मदद के लिए भी चिल्लाया। जब तक वहां लोग पहुंचते संजू अचेत पड़ चुका था। लोग उसे बाइक पर अस्पताल ले गए लेकिन उसे वहां मृत घोषित कर दिया गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल था क्योंकि पिछले महीने उसके बर्थडे पर भी वह सेलिब्रेट नहीं कर पाई थी क्योंकि वह अस्पताल में भर्ती थी।

कुत्तों के साथ अपनी इस जंग में 6 वर्षीय मासूम संजू हार गया और उसकी जान चली गई। संजू की क्षत-विक्षत शव उसके घर पर रात साढ़े 9 बजे तक पड़ा रहा क्योंकि पुलिस को एंबुलेंस का इंतजार था। बच्चे की निर्मम मौत के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम की लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि कुत्ते पिछले कई सप्ताह से वहां से बच्चों पर अत्याचार कर रहे थे लेकिन नगर निगम के कानों तक इस तरफ जूं नहीं रेंगी और उसने कोई कदम नहीं उठाया।

मृतक बच्चे के पड़ोसी रुप सिंह पाल ने बताया कि चार महीने पहले मुझपर भी कुत्तों ने वार किया था। नगर निगम ने बस 3-4 कुत्तों को यहां से उठा कर अपनी खानापूर्ति कर दी। लेकिन यहां 20 से भी ज्यादा आवारा कुत्ते हैं।