जयपुर : बदमाशों ने बनाया बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को निशाना, 10 लाख लूट लगाई आग

राजधानी जयपुर में बढ़ते अपराध चिंता का कारण बन रहे हैं जहां बदमाश लगातार एटीएम को निशाना बना रहे हैं। शनिवार आधी रात को बदमाशों ने सांगानेर इलाके में टोंक रोड पर बैंक ऑफ इंडिया के ATM में 10 लाख लूटकर आग लगा दी। इस संबंध में एटीएम में पैसे डालने वाली कंपनी के कर्मचारी जय सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस को घटनास्थल के पास सीसीटीवी फुटेज मिला है। जिसमें कुछ संदिग्ध युवक नजर आए हैं। सांगानेर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि ATM के केश बॉक्स में करीब साढ़े 10 लाख रुपए रखे थे। इनमें कुछ नोटों के टुकड़े जले हुए मिले हैं। ऐसे में संशय बना हुआ है कि बदमाशों ने रुपए निकालने के लिए एटीएम को गैस कटर से काटा। तब आग लगने से वे भाग निकले या फिर एटीएम में रखी रकम चुराने के बाद बदमाशों ने एटीएम में आग लगाई।थानाधिकारी हरिसिंह दूदवाल ने बताया कि टोंक रोड पर पिंजरापोल गौशाला के पास बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम है। वारदात रात करीब डेढ़ बजे हुई। एटीएम बूथ के दोनों तरफ मार्केट बना हुआ है। इससे देर रात अफरा तफरी भी मच गई। आग लगने की सूचना पर फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची। करीब आधा घंटे में आग पर काबू पाया।