परीक्षा में फेल हुआ तो गर्लफ्रेंड से कहा, 'तुम्हारे कारण फेल हुआ, तुम्हीं भरो मेरी फीस', फिरौती और ठगी का मामला दर्ज

महाराष्ट्र के औरंगाबाद से एक अजीबो-गरीब घटना सामने आई है। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के एक 21 वर्षीय छात्र को इसलिए गिरप्तार किया है, क्योंकि वो अपनी गर्लफ्रेंड से कॉलेज फीस के पैसे मांग रहा था। दरअसल वह अपनी कक्षा में पहले साल की परीक्षा में फेल हो गया और इसके लिए उसने अपनी गर्लफ्रेंड को जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद उसने अपने पहले साल की बर्बाद हुई फीस की भरपाई करने के लिए अपनी गर्लफ्रेंड को पैसे वापस करने को कहा। अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक 21 साल के इस लड़के के खिलाफ फिरौती और ठगी का मामला दर्ज किया गया है।

ये मामला बेहद दिलचस्प है। इस स्टूडेंट ने पिछले साल औरंगाबाद के एक मेडिकल कॉलेज में एडमिशन लिया था। उसकी गर्लफ्रेंड भी उसके साथ पढ़ती थी। वो पढ़ने में अच्छा था इसके बावजूद वो फर्स्ट इयर में फेल हो गया। लिहाजा चार साल के बीएचएमएस कोर्स के दूसरे साल में उसे ऐडमिशन नहीं मिला। फेल होने के बाद उसने अपनी गर्लफ्रेंड पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पेरेंट्स की तरफ से दी गई फीस की भरपाई अब उसे करनी होगी।

इतना ही नहीं उसे नीचा दिखाने के लिए उसने सोशल मीडिया पर गर्लफ्रेंड और उसकी फैमिली के बारे में गलत बातें लिख कर उसे पोस्ट कर दिया। उसने ये भी धमकी दे दी कि वह उसे पैसे नहीं देगी तो वह उसकी आपतित्जनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देगा।