झारखंड सरकार पर लगे तुष्टिकरण की राजनीति के आरोप, विधानसभा के बाहर भाजपा विधायकों का धरना

झारखंड विधानसभा में नमाज के लिए कमरा आवंटित किए जाने के निर्णय का भाजपा द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा हैं। भाजपा हेमंत सरकार के खिलाफ हमलावर है। बीते दिन भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विधानसभा का घेराव करने की कोशिश की गई तो पुलिस ने उन्हें बीच में रोक लिया और लाठीचार्ज किया। इतना ही नहीं पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारों भी की। इसको लेकर भाजपा के विधायकों ने गुरुवार को विधानसभा में जमकर हंगामा किया और अध्यक्ष की कुर्सी के पास जा कर हेमंत सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जिसके कारण सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

विपक्षी दल भाजपा विधायकों के हंगामे पर झारखंड के संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि नारे लगाना एक सीमा तक सही है, लेकिन लगता है कि विपक्षी सदस्य लड़ने के मूड से यहां आए हैं जो बेहद शर्मनाक है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

बता दें कि पिछले सप्ताह झारखंड विधानसभा अध्यक्ष ने अधिसूचना के जरिए नमाज अदा करने के लिए विधानसभा में एक कमरा आवंटित किया था। उसके बाद से यह विवाद शुरू हुआ है। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया। उनका आरोप है कि सोरेन सरकार को संवैधानिक मूल्यों की कोई परवाह नहीं है।