भरतपुर : ऑनलाइन ब्लैकमेल करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, कर्नाटक से आई थी पुलिस

मंगलवार देर रात भरतपुर के कामां क्षेत्र में कर्नाटक और पहाड़ी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ब्लैकमेल करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। इस कारवाई में आसपास के 3 थानों से भी टीम को बुलाया गया था। साथ ही QRT टीम की भी मदद ली गई। चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है। कर्नाटक में दर्ज FIR के अनुसार कुछ अज्ञात लोग कर्नाटक के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति को सोशल मीडिया पर कॉल और मैसेज के जरिए ब्लैकमेल कर रहे थे। आरोपियों ने पीड़ित की कुछ फोटो एडिट कर ब्लैकमेल कर रहे थे। बदनामी के डर से पीड़ित कुछ राशि कई बार आरोपियों के खाते में ट्रांसफर कर चुका था।

कर्नाटक पुलिस की टीम इंस्पेक्टर नियाज मोहम्मद के नेतृत्व में पहाड़ी क्षेत्र में आई हुई थी। जो साइबर क्राइम के मामले में दो-तीन दिन से यहां जांच में जुटे थे। इसमें साइबर टीम की भी मदद ली गई। इस दौरान आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई गई। देर रात दबिश देकर एक आरोपी को सांवलेर से पकड़ा गया है। वहीं, तीन आरोपी चानियाकलां से पकड़े गए हैं। मंगलवार देर रात करीब 3 बजे कर्नाटक पुलिस के साथ भरतपुर पुलिस के पहाड़ी, गोपालगढ़ जुरहरा थाना, साइबर क्राइम टीम और QRT (क्विक रिस्पॉन्स टीम) की टीम ने दबिश दी। इसमें करीब 50 जवान मौजूद रहे। इस दौरान कुल दो गांवों में दबिश दी गई।