आंध्र प्रदेश में अंजान बीमारी, 200 से ज्यादा लोगों को आने लगे चक्कर, होने लगे बेहोश

आंध्र प्रदेश में पश्चिम गोदावरी जिले के एलुरु में एक अज्ञात बीमारी फैल रही है। अलग-अलग इलाकों में रविवार दोपहर इस बीमारी से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 200 से ज्यादा हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि सभी मरीजों के ब्लड, खाने और पानी के सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। अब तक उनकी रिपोर्ट नहीं आई है। सभी मरीजों की सीटी स्कैन और एक्सरे रिपोर्ट नॉर्मल आई है। हैरानी की बात यह है कि सभी मरीज अलग इलाकों के रहने वाले हैं। उनका आपस में कोई कॉन्टेक्ट नहीं है और हाल में वे किसी समारोह में शामिल भी नहीं हुए हैं।

एलुरु के गवर्नमेंट हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट डॉ मोहन ने बताया कि बीमार पड़ने वालों की संख्या बढ़ रही है। शनिवार रात से रविवार सुबह तक हमारे यहां लगभग 140 लोगों को भर्ती किया गया। बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई। मरीजों में चक्कर आने, सिरदर्द और मिर्गी जैसे लक्षण दिख रहे हैं। इसका कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।

डॉक्टरों ने बताया कि सभी में एक जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। 76 महिलाओं और 46 बच्चों समेत बाकी मरीजों का इलाज चल रहा है। छह साल की एक बच्ची को सीरियस हालत में विजयवाड़ा रेफर किया गया है। वहां एमरजेंसी मेडिकेयर सेंटर तैयार किया गया है। ज्यादातर मामले कोब्बारी थोटा, कोथापेटा, तोरपु वीधी और अरुंधति पेटा से सामने आए हैं।

वेस्ट गोदावरी और कृष्णा जिले के अलग-अलग अस्पतालों की मेडिकल टीमें प्रभावित इलाके में डेरा डाले हुए हैं। यहां स्पेशल कैंप्स में मरीजों का इलाज चल रहा है। डिप्टी CM, हेल्थ मिनिस्टर और आला अधिकारी मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

ज्वाइंट कलेक्टर ने बताया कि एलुरु म्युनिसिपल ऑफिस में कॉल सेंटर बनाया गया है। किसी भी एमरजेंसी में लोग यहां फोन कर सकते हैं। कुछ मरीजों का इलाज निजी अस्पतालों में भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल से करीब 70 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। मरीजों को इलाज से फायदा हो रहा है। वे सभी तेजी से रिकवर हो रहे हैं।