की-परफॉर्मेंस इंडेक्स में सभी को पछाड़ अजमेर रेल मंडल रहा अव्वल, अच्छी रही परफॉर्मेंस

देशभर के 68 रेल मंडलों में की-परफॉर्मेंस इंडेक्स (KPI) के तहत अजमेर रेल मंडल अव्वल रहा हैं। यह परिणाम जनवरी माह के रहे हैं। दिसंबर में भी अजमेर रेल मंडल पहले स्थान पर रहा था। फरवरी महीने की रैकिंग रेलवे बोर्ड की ओर से अभी जारी नहीं की गई है। इस सर्वे में उप रेलवे के ही जोधपुर रेल मंडल ने दूसरा, बीकानेर ने पांचवा और जयपुर रेल मंडल ने सातवां स्थान हासिल किया है। DRM नवीन कुमार परसुरामका ने कहा कि अजमेर रेल मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी लगन और मेहनत के साथ काम किया। इसी का परिणाम है कि अजमेर देशभर में अव्वल रहा। सभी बधाई के पात्र है। देशभर के 68 रेल मंडलों में काम के लिए परफॉर्मेंस सर्वे किया गया था, जिनमें अलग-अलग श्रेणियों में अलग-अलग मार्किंग की गई।

ऐसी रही अजमेर रेल मंडल की परफॉर्मेंस

- सुरक्षा विषय के लिए 15 में से 14.7 अंक मिले।
- बिजनेस विषय के लिए 20 में से 18.2 अंक मिले।
- संसाधन विषय के लिए 20 में से 20 अंक मिले।
- समय पालन विषय के लिए 15 में से 14.7 अंक मिले।

स्टेशन पर अब मोबाइल चार्जिंग कियोस्क

अजमेर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 10 मोबाइल चार्जिंग कियोस्क लगाए गए हैं। यहां पर यात्री 10 रुपए में लॉकरनुमा चार्जिंग प्वाइंट पर मोबाइल चार्ज कर सकेंगे। उप रेलवे में यह सुविधा अजमेर रेल मंडल में पहली बार प्रारंभ की गई है। रेलवे स्टेशन पर ही 120 आकर्षक स्टील की बेंच लगाई गई है।