दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने छोड़ा पद, राहुल को सौंपा इस्तीफा

कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता और पूर्व सांसद अजय माकन ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने शुक्रवार सुबह ट्वीट कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को धन्यवाद किया। अजय माकन ने लिखा कि 2015 विधानसभा चुनाव के बाद से ही उन्होंने दिल्ली के सभी नेताओं का सहयोग मिला, कठिन परिस्थितियों में ये आसान नहीं था। आप सभी का आभार। अजय माकन दिल्ली में पूर्व सीएम शीला दीक्षित के काफी करीबी माने जाते थे। शीला के 15 साल के कार्यकाल में माकन के पास कई अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी रही है। दिल्ली में साल 2015 में उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया था। दिल्ली में पिछले विधानसभा चुनावों में माकन सदर बाजार सीट से चुनाव लड़े थे और तीसरे नंबर पर रहे थे। बताया जा रहा है कि अजय माकन ने गुरुवार को दिल्ली के प्रभारी पीसी चाको के साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी। अजय माकन ने इस्तीफे को लेकर अपने स्वास्थ्य को मुख्य कारण बताया है।

अजय माकन ने आज अपने इस्तीफे के बारे में ट्विटर पर जानकारी देते हुए लिखा कि 2015 से लेकर अभी तक की कठिन परिस्थियों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं और राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा मिले अपार स्नेह मिला इसके लिए धन्यवाद।

अजय माकन साल 2004 के लोकसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट से सांसद चुने गए वह 2009 के लोकसभा चुनाव में भी यहां से चुनाव जीते थे। 2014 के लोकसभा चुनाव में वह बीजेपी की मिनाक्षी लेखी से हार गए थे। इन चुनावों में आम आदमी पार्टी के आशीष खेतान दूसरे नंबर पर रहे थे और माकन तीसरे स्थान पर रहे थे। माकन मनमोहन सिंह सरकार में युवा और खेल मामलों के मंत्री भी रह चुके है। कांग्रेस पार्टी में अजय माकन अपनी राजनीतिक विरासत को आगे ले जाने वाले नेता के रूप में जाने जाते है।

आपको बता दें कि दिल्ली की राजनीति में इन दिनों अचानक हलचल बढ़ी है। लोकसभा चुनाव से पहले इस प्रकार की अटकलें लगाई जा रही थीं कि दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हाथ मिला सकते हैं। हालांकि, गुरुवार को आम आदमी पार्टी ने इस बात की पुष्टि की वह महागठबंधन में शामिल नहीं होगी और अकेले ही लोकसभा का चुनाव लड़ेगी।