महाराष्ट्र के बाद अब दिल्ली में भी बढ़ने लगा कोरोना, पिछले तीन दिनों में एक्टिव केस में आई बढ़ोतरी

महाराष्ट्र में 127 दिन के अंदर लगातार दूसरी बार 24 घंटे में 8 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार को 8702 लोग संक्रमित पाए गए। इससे पहले बुधवार को 8807 कोरोना संक्रमित मिले थे। पिछले 24 घंटे में यहां 3,744 लोग ठीक भी हुए और 56 की मौत हो गई। इस तरह से राज्य में अब तक 21 लाख 29 हजार 821 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 20 लाख 12 हजार 367 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 51 हजार 993 मरीजों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र के बाद अब दिल्ली में भी कोरोना के मामले बढ़ने लगे है। यहां पिछले तीन दिन से मरीजों की एक्टिव संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मतलब हर दिन रिकवरी से ज्यादा नए केस सामने आ रहे हैं। गुरुवार को राज्य में 220 लोग संक्रमित पाए गए और 188 लोग ठीक हुए। इस तरह 32 एक्टिव केस बढ़ गए। अब तक यहां 6 लाख 38 हजार 593 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 6 लाख 26 हजार 519 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 905 मरीजों की मौत हो गई। 1,169 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

एक बार फिर से दुनिया का चौथा सबसे संक्रमित देश बना भारत

हर दिन मिलने वाले मरीजों के मामले में भारत एक बार फिर से दुनिया का चौथा सबसे संक्रमित देश हो गया है। एक हफ्ते पहले तक इस मामले में भारत टॉप-10 देशों की सूची से भी बाहर था, लेकिन मरीजों की रफ्तार बढ़ते ही ये चौथे नंबर पर पहुंच गया। गुरुवार को देश में 16,562 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 12, 203 लोग रिकवर हुए और 118 की मौत हो गई। अब तक 1 करोड़ 10 लाख 63 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 7 लाख 48 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। 1,56,861 मरीज ऐसे हैं जिनकी मौत हो गई। 1,52,849 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

लातूर में 27 और 28 फरवरी को जनता कर्फ्यू

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र के लातूर में 27 और 28 फरवरी को जनता कर्फ्यू रहेगा। लातूर में 7 से 15 फरवरी के बीच कोरोना के 261 मामले रिकॉर्ड किए गए थे। वहीं पिछले एक हफ्ते में यहां 300 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। इसके बाद प्रशासन ने जनता कर्फ्यू का फैसला किया। महाराष्ट्र के वाशिम जिले के एक ब्वॉयज हॉस्टल में एक साथ 229 स्टूडेंट्स और 3 स्टाफ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इस हॉस्टल में अमरावती, नांदेड़, वाशिम, बुल्ढाना और अकोला के 327 स्टूडेंट्स रहते हैं। अब पूरे हॉस्टल को क्वारैंटाइन सेंटर में बदल दिया गया है।