जयपुर : बोरे में युवती का शव मिलने से फैली सनसनी, पहचान छिपाने के लिए बिगाड़ा चेहरा

जयपुर के बगरू इलाके में गुरुवार सुबह तब सनसनी फैल गई जब मौजिया चौराहे के पास बोरे में युवती का शव मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची बगरू व भांकरोटा थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉड टीम व एफएसएल टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को मोर्चरी में भिजवाया। युवती की मौत वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी। हत्यारों ने मृतका की पहचान छिपाने के लिए युवती के चेहरे व अन्य जगह पर चमड़ी को उखाड़ दिया। चेहरे बुरी तरह क्षत-विक्षत हो रखा है। कपड़े व अन्य चीजों के आधार पर शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
मृतका की उम्र करीब 25 से 30 साल बताई जा रही है। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए जयपुर सहित प्रदेश के सभी पुलिस थानों में मृतका की फोटो भिजवाई। प्रथमदृष्टया शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। एडिशनल डीसीपी रामसिंह शेखावत ने बताया कि मृतका के दाएं हाथ पर चार स्टार वाला टैटू बना हुआ है। कान में पीले रंग की बाली पहनी हुई है। गले में काले रंग का धागा बंधा हुआ था। एक अंगूठी पहनी हुई है। दोनों हाथ व पैरों की अंगुलियों के नाखूनों पर नेल पॉलिश लगी हुई है।एडिशनल डीसीपी ने शव की शिनाख्त व हत्यारों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की है। एक टीम पिछले दो दिन में मौजिया चौराहे से धानक्या की तरफ जाने वाले वाहनों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। दूसरी टीम शव की शिनाख्त के लिए प्रदेश के सभी थानों से लापताओं का रिकॉर्ड खंगाल रही है।