अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह पर 809वां उर्स मनाया जा रहा हैं। इस बार पहली बार अफगानिस्तान के राष्ट्रपति की ओर से भी चादर पेश की जाएगी जो कि शनिवार को अफगानिस्तान के भारत स्थित दूतावास में एंबेसडर ताहिर कादरी की अगुवाई में होगा। सूफी फाउंडेशन के अध्यक्ष सैयद सलमान चिश्ती ने बताया कि एंबेसडर ताहिर कादरी पिछले महीने गरीब नवाज की छठी से पहले ही दरगाह जियारत को आए थे। तभी वह संकेत दे गए थे कि उर्स में इस बार अफगानिस्तान के राष्ट्रपति की ओर से भी चादर पेश की जाएगी।
सलमान चिश्ती ने बताया कि अफगानिस्तान के राष्ट्रपति मोहम्मद अशरफ गनी ने गरीब नवाज के उर्स के मौके पर चादर पेश करने के लिए कहा है। उनका संदेश उन्हें प्राप्त हो चुका है। भारत में अफगानिस्तान के एंबेसडर ताहिर कादरी शुक्रवार शाम तक अजमेर पहुंचेंगे। शनिवार सुबह 11 बजे दरगाह के अहाता ए नूर में महफिल होगी। इस मौके पर अफगानिस्तान के राष्ट्रपति की ओर से दिए गए जायरीन के नाम संदेश को भी पढ़कर सुनाया जाएगा। बाद में भारत और अफगानिस्तान के मजबूत रिश्तों के लिए दुआ की जाएगी।